ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिल्ली में गर्मी से राहत के लिए बड़ा कदम: CM रेखा गुप्ता ने शुरू किए मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने कई विशेष उपाय शुरू किए हैं। दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी 13 जिलों में मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन की व्यवस्था लागू की है, ताकि नागरिकों, श्रमिकों, यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को तेज गर्मी से बचाया जा सके।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सरकार का उद्देश्य हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ जमीनी स्तर पर काम कर रही है ताकि किसी को भी लू और गर्मी की वजह से परेशानी न झेलनी पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन जैसी पहलें सरकार की जनसेवा और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है और जरूरत पड़ने पर व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। पूरी व्यवस्था राजस्व विभाग की देखरेख में संचालित की जा रही है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 6 से 23 मई के बीच मोबाइल हीट रिलीफ यूनिटों के जरिए दिल्ली के सभी 13 जिलों में लगभग 2.65 लाख लोगों को राहत पहुंचाई गई। इस दौरान करीब 1,13,900 लीटर ठंडा पेयजल वितरित किया गया। साथ ही, हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए एक लाख से अधिक ओआरएस पैकेट बांटे गए। तेज धूप से बचाने के लिए 44,646 गमछे और 30,864 टोपियां भी वितरित की गईं।

सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट के वाहनों का स्थान प्रतिदिन बदला जाए, ताकि अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंच सके। यह विशेष अभियान जुलाई तक जारी रहेगा।

राजधानी में कई स्थानों पर कूलिंग जोन भी बनाए गए हैं, जहां लोग कुछ समय आराम कर सकते हैं और गर्मी से राहत पा सकते हैं। खासकर रिक्शा चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए इन जोन को तैयार किया गया है। प्रत्येक कूलिंग जोन में 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था, ठंडा पेयजल, पांच डेजर्ट कूलर और पांच हाई-स्पीड पंखे लगाए गए हैं। साथ ही ओआरएस पैकेट, कैप, गमछे और फर्स्ट एड किट जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

दिल्ली में फिलहाल कुल 14 कूलिंग जोन संचालित किए जा रहे हैं। इनमें पुरानी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में पांच-पांच, उत्तर-पूर्वी, उत्तरी, मध्य-उत्तरी और मध्य दिल्ली में एक-एक कूलिंग जोन बनाया गया है। इनके संचालन और रखरखाव के लिए प्रत्येक केंद्र पर 10 सिविल डिफेंस वालंटियर्स की तैनाती की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जैसे बड़े महानगर में कई बार लोगों को एक गिलास ठंडा पानी तक आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता, ऐसे में सरकार की यह पहल लोगों को वास्तविक राहत पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता से इस अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और सरकार नागरिकों को लू से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *