• May 17, 2026

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 IAS अधिकारियों का तबादला

बिहार सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार (15 मई) को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन है। नए आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं, प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पंकज कुमार पाल को पथ निर्माण विभाग का पूर्णकालिक सचिव बनाया गया है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

  • ए.के. सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है।
  • धर्मेंद्र कुमार सिंह को गन्ना उद्योग विभाग का सचिव नियुक्त किया गया।
  • दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया।
  • विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा एवं खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
  • अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भू-तत्व विभाग का सचिव-सह-खान आयुक्त बनाया गया।
  • हिमांशु शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया।
  • पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।

कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार

राज्य सरकार ने कई विभागों और प्रमंडलों में अतिरिक्त प्रभार देकर प्रशासनिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। अधिसूचना के मुताबिक, एच.आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में भी बदलाव

मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है। इससे पहले दोनों क्रमशः पटना और भोजपुर में उप विकास आयुक्त (DDC) के पद पर कार्यरत थे।

नालंदा के उप विकास आयुक्त शुभम कुमार को पटना का नया डीडीसी नियुक्त किया गया है।

अतिरिक्त प्रभारों से भी मुक्त किए गए अधिकारी

सरकार ने कई अधिकारियों को उनके अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त भी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र को शिक्षा एवं खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से हटाया गया है। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा को खान विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।

इसके अलावा पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार से भी हटा दिया गया है।

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक योजनाओं और विभागीय कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *