शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में धनबाद कनेक्शन, फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में झारखंड के धनबाद से जुड़ा अहम कनेक्शन सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्यारों ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक पर धनबाद में रजिस्टर्ड एक बाइक का फर्जी नंबर लगाया था।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच के लिए गठित पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) शुक्रवार रात धनबाद पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाथरडीह थाना क्षेत्र में कई घंटों तक छानबीन और पूछताछ की।
धनबाद के कर्मचारी की बाइक का नंबर इस्तेमाल
जांच में पता चला कि अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक पर लगा नंबर झारखंड के धनबाद निवासी विभाष भट्टाचार्य की बाइक का था। विभाष एक कर्मचारी हैं और वर्तमान में चासनाला कार्यालय में तैनात हैं।
बाइक के नंबर से झारखंड कनेक्शन सामने आने के बाद बंगाल पुलिस की टीम ने मामले की कड़ी धनबाद से जोड़ी। बाद में जांच में सामने आया कि अपराधियों ने विभाष भट्टाचार्य की बाइक का नंबर दूसरी बाइक पर लगाकर इस्तेमाल किया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिली क्लीन चिट
पूछताछ के दौरान विभाष भट्टाचार्य ने दावा किया कि घटना के समय वह अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें उनकी मौजूदगी की पुष्टि हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि जिस बाइक का इस्तेमाल अपराधियों ने किया था, उसका मॉडल और रंग विभाष की बाइक से अलग था। इससे साफ हो गया कि हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।
बंगाल से धनबाद पहुंची SIT
चुनावी नतीजों के तुरंत बाद हुई इस हत्या ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया था।
फिलहाल SIT इस बात की जांच कर रही है कि हत्यारों ने विभाष भट्टाचार्य की बाइक का नंबर कैसे हासिल किया और इस साजिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस तकनीकी और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच में जुटी हुई है।