• May 2, 2026

जबलपुर क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 9 पहुंची, CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन

मध्य प्रदेश के Jabalpur में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। यह हादसा Bargi Dam में हुआ, जहां यात्रियों से भरा एक क्रूज तेज हवा के चलते पलट गया।

घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके अलावा होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

CM ने दी सख्त कार्रवाई की जानकारी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर कहा कि हादसे में लापरवाही के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

सीएम ने इस हादसे की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति के गठन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज संचालन से जुड़ी नई SOP तैयार की जाएगी। साथ ही राहत और बचाव कार्य में जुटे लोगों को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने और उन्हें सम्मानित करने की भी बात कही।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में National Disaster Response Force (NDRF), SDERF और सेना के गोताखोरों ने अहम भूमिका निभाई, जिनकी सराहना की गई है।

पीड़ित परिवारों से मिले CM

मुख्यमंत्री ने जबलपुर पहुंचकर हादसे में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले परिवारों की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। गौरतलब है कि यह हादसा गुरुवार को तेज हवाओं के कारण हुआ, जब क्रूज असंतुलित होकर पलट गया। प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *