पीएम मोदी का बड़ा दावा: पांच राज्यों में बीजेपी लगाएगी जीत की ‘हैट्रिक’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में आयोजित एक जनसभा में बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में जीत की ‘हैट्रिक’ लगाएगी।
हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में बिहार विधानसभा चुनावों में बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में भी इसी तरह का जनसमर्थन मिलेगा।
04 मई के नतीजों पर जताया भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 मई को आने वाले चुनाव परिणाम ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और मजबूत करेंगे। उन्होंने हाल ही में गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि 80 से 85 प्रतिशत नगर पालिकाओं और पंचायतों में बीजेपी ने जीत हासिल की है।
पश्चिम बंगाल में मतदान पर टिप्पणी
इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी मतदान हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर मतदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार बंगाल में लोग भयमुक्त वातावरण में मतदान कर रहे हैं, जो देश के लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए अपील की कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहें।
पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय बाद ऐसा माहौल देखने को मिल रहा है, जहां लोग बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है।