• March 13, 2026

मिडिल ईस्ट में जंग तेज: तुर्की के नाटो इंसिरलिक एयर बेस को ईरान ने बनाया निशाना, परमाणु हथियारों की आशंका से बढ़ी चिंता

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। हालात और तनावपूर्ण तब हो गए जब ईरान ने तुर्की में स्थित नाटो के इंसिरलिक एयर बेस को निशाना बनाकर हमला किया। इस घटना ने क्षेत्रीय युद्ध के और ज्यादा खतरनाक होने की आशंका बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में अब तुर्की के अदाना के पास स्थित नाटो के इंसिरलिक एयर बेस को भी निशाना बनाया गया।

हमले के बाद सायरन और अलर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले के बाद बेस पर तेज धमाकों और सायरन की आवाजें सुनी गईं। बताया जा रहा है कि हमले को एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इंटरसेप्ट कर लिया गया। घटना के बाद बेस पर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया।

रिपोर्ट के अनुसार बेस पर करीब 3:25 बजे सायरन बजा, जो लगभग पांच मिनट तक जारी रहा। इसके बाद पूरे इलाके में दमकल और सुरक्षा बलों के सायरन सुनाई देते रहे। हालांकि इस घटना पर तुर्की की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

परमाणु हथियारों को लेकर बढ़ी चिंता

इंसिरलिक एयर बेस को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि यहां अमेरिका के परमाणु हथियार मौजूद होने की आशंका जताई जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नाटो समझौते के तहत इस बेस पर अमेरिका के करीब 50 परमाणु बम स्टोर किए गए हो सकते हैं। ऐसे में इस ठिकाने को निशाना बनाया जाना वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है कोशिश

इससे पहले 4 मार्च को भी ईरान की एक मिसाइल को तुर्की के हवाई क्षेत्र में नाटो की रक्षा प्रणाली ने मार गिराया था। उस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा था।

जंग और ज्यादा भीषण

मिडिल ईस्ट में संघर्ष अब कई मोर्चों पर फैल चुका है। ईरान खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि इजरायल और अमेरिका भी ईरान के खिलाफ लगातार हमले कर रहे हैं।

तेहरान पर लगातार एयर स्ट्राइक की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं इजरायल की ओर से लेबनान में भी बमबारी जारी है। इस बढ़ते संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में बड़े युद्ध की आशंका को और गहरा कर दिया है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *