• February 10, 2026

नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया

नई दिल्ली, 10 फरवरी 2026: संसद के बजट सत्र के दौरान बढ़ते गतिरोध के बीच विपक्षी दलों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय में जमा कर दिया है। इस नोटिस पर कुल 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 94(c) के तहत दिया गया है।नोटिस में स्पीकर पर सदन की कार्यवाही में खुला भेदभाव करने, विपक्षी नेताओं को बोलने से रोकने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है। विपक्ष ने चार प्रमुख बिंदुओं का जिक्र किया है:

  • 2 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान बोलने की पूरी अनुमति न दिए जाने का मामला।
  • 3 फरवरी को आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन का मुद्दा।
  • 4 फरवरी को सत्ता पक्ष के एक सांसद द्वारा दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भी उन्हें न रोके जाने का आरोप।
  • स्पीकर द्वारा विपक्षी महिला सांसदों के प्रति की गई कथित अनुचित टिप्पणियां।

दिलचस्प बात यह है कि इस नोटिस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं हैं। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने कहा, “राहुल जी ने हस्ताक्षर नहीं किए, लेकिन 118 सांसदों ने किया है। हमारा मकसद संदेश देना है कि संसद में विपक्ष की आवाज दबाई नहीं जा सकती। हमारे पास नंबर कम हैं तो क्या, हम सरकार की तरह नहीं कहेंगे कि कोई बड़ी ताकत है तो लड़ेंगे नहीं।”टीएमसी के सांसदों ने भी इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। कांग्रेस सांसदों का कहना है कि टीएमसी के सांसद उनके साथ हैं, भले ही उन्होंने साइन न किया हो। विपक्षी सांसदों ने स्पष्ट किया कि वे स्पीकर ओम बिरला का व्यक्तिगत सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी कार्यशैली भेदभावपूर्ण रही है, जिसके कारण यह कदम उठाना पड़ा।

यह नोटिस कांग्रेस नेताओं के. सुरेश और गौरव गोगोई सहित अन्य विपक्षी सांसदों द्वारा दोपहर 1:14 बजे लोकसभा महासचिव को सौंपा गया। अब इसे नियमों के अनुसार जांचा जाएगा और आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
विपक्ष का यह कदम संसद में जारी हंगामे और कार्यवाही में बार-बार व्यवधान के बीच आया है, जहां विपक्ष लगातार स्पीकर के रवैये पर सवाल उठा रहा है।
Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *