उत्तराखंड के देहरादून जिले में भीषण बस हादसा: कालसी के क्वानू-मीनस रोड पर हिमाचल रोडवेज की बस गहरी खाई में गिरी, 3 की मौत
देहरादून, 3 फरवरी 2026: उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हिमाचल प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) की एक पैसेंजर बस क्वानू-मीनस मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी और उसमें करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा सुदोई खड्ड के पास तब हुआ जब बस एक ट्रक को साइड देते समय सड़क का पुश्ता धंस गया, जिससे बस कई पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।घायलों में से 6-7 की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उन्नत चिकित्सा केंद्रों में शिफ्ट किया जाएगा।
बचाव कार्य तेज
हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) की टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया। एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी की टीमों ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और जिला प्रशासन भी मौके पर मौजूद है और ऑपरेशन जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख इस घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट में लिखा, “कालसी इलाके (देहरादून) में हिमाचल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की बेहद दुखद खबर मिली है। मैंने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात की और आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सभी आसपास के मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यदि जरूरत पड़ी तो गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। सभी यात्रियों की सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं।
“पिछला हादसा यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब रविवार को तमिलनाडु के अरियालुर जिले में भी एक वाहन दुर्घटना में कई लोग प्रभावित हुए थे। वहां तिरुचि-चिदंबरम हाईवे पर मंदिर दर्शन से लौट रही वैन पलट गई थी।प्रशासन जांच कर रहा है कि हादसे का सटीक कारण क्या था। अधिक जानकारी का इंतजार है।