ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हरियाणा के सीएम सैनी ने योग को बताया जीवन जीने की कला, सरकारी दफ्तरों में की 5 मिनट के ‘योग ब्रेक’ की घोषणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को योग गुरु बाबा रामदेव के साथ कुरुक्षेत्र में योगाभ्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है और लोगों को इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। नायब सैनी ने यह भी घोषणा की कि सभी सरकारी कार्यालयों में पांच मिनट का ‘योग ब्रेक’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस सत्र का नेतृत्व योग गुरु रामदेव ने किया।

हरियाणा में 100 नए योग केंद्र खोलने की घोषणा

इस मौके पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, राज्य की आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव और सांसद नवीन जिंदल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री सैनी ने घोषणा की कि राज्य में 100 नए योग केंद्र एवं व्यायामशाला स्थापित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 27 मई से शुरू हो गया था और राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

हरियाणा के खेल विभाग में 40 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति होगी

सीएम सैनी ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है और यह मानवता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा, “योग केवल कसरत नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन जीने का एक महत्वपूर्ण विज्ञान भी है।” मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में योग विषय पर शोध को प्रोत्साहित करने के लिए ‘योग लेखक प्रोत्साहन योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत हर वर्ष उत्कृष्ट लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे और हरियाणा के खेल विभाग में 40 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में एक अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए सभागार का निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *