उत्तर प्रदेश के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें लखनऊ में कब तक पहुंचेगा मॉनसून
भारत के विभिन्न राज्यों में इस वक्त भारी बारिश हो रही है। मॉनसून जल्द ही उत्तर भारत में पूरी तरह से एंट्री कर सकता है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो मॉनसून के आज शुक्रवार की शाम तक राजधानी लखनऊ पहुंचने की संभावना है।
3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून आज शाम तक लखनऊ पहुंच सकता है। राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की पूरी संभावना है।यूपी के विभिन्न जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मौसम सुहाना होने की संभावना है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी में मौसम विभाग की ओर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं, सीतापुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत में भी अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी यूपी के भी प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान बादल गरजने व बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में आने वाले 2 से 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी देखने को मिल सकती है।