ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

साइप्रस ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में दिया समर्थन

तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में साइप्रस पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस सरकार ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने मोदी को ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस 3 से सम्मानित किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में खुले समर्थन का ऐलान किया। पीएम मोदी ने भी राष्ट्रपति निकोस को भारत आने का निमंत्रण दिया है।

इससे पहले सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने इसके लिए राष्ट्रपति निकोस को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा, “मैं साइप्रस सरकार औऱ साइप्रस के लोगों का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह हम भारतीयों की क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, बंधुत्व और वसुधैव कुटुम्बकम की विचार धारा का सम्मान है।”

उन्होंने कहा, “मैं यह सम्मान भारत और साइप्रस के बीच मित्रता पूर्ण संबंधों और साझा मूल्यों को समर्पित करता हूं। यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता तथा हमारे लोगों की समृद्धि के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”

इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत और साइप्रस के बीच सक्रिय साझेदारी आने वाले दिनों में नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने कहा, “हम न केवल अपने देशों की संयुक्त प्रगति को मजबूत करेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वैश्विक वातावरण बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।”

प्रधानमंत्री मोदी को मिले इस सम्मान के बारे में जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा,”यह सम्मान भारत और साइप्रस के द्वारा आपसी साझेदारी, शांति और प्रगति के साझा दृष्टिकोण के लिए साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

आपको बता दें साइप्रस के पहले राष्ट्र्पति आर्कबिशप मकारियोस 3 के नाम पर यह सम्मान दिया जाता है। पीएम मोदी से पहले इसे राष्ट्रपति पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला 2, जर्मनी के पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंक-वाल्टर स्टीनमीयर, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव समेत कई अन्य प्रमुख हस्तियों को यह सम्मान मिल चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *