नगर निगम में भ्रष्टाचार पर भड़के भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
मेरठ, 03 अगस्त। नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भ्रष्टाचार व्याप्त होने पर शनिवार को भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी भड़क उठे। उन्होंने नगर निगम में पहुंच कर अधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली और चेतावनी दी कि काम नहीं कर सकते तो कुर्सी छोड़ दें। भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
मेरठ नगर निगम में भ्रष्टाचार इस कदर व्याप्त है कि भाजपा का महापौर होने के बाद भी सिस्टम काबू में नहीं आ रहा। एक सप्ताह पहले जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वाले एक फौजी को नगर निगम के कर्मचारियों ने जमकर पीटा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। नगर निगम के भ्रष्टाचार से गुस्साए भाजपा के राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी शनिवार को अचानक निगम कार्यालय पहुंच गए। वहां पर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने में चल रहे खेल को लेकर लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने काफी नाराजगी जताई और अधिकारियों को जमकर फटकारा। सांसद ने कहा कि आज साथ लेकर जाऊंगा या थाने में जाऊंगा या थाने वो जाएंगे। आज मैं किसी को भी बिल्कुल छोड़ने के मूड में नहीं हूं। सांसद की मौके पर पहुंचे नगर निगम अधिकारियों से बहस हो गई। सांसद ने नगर निगम अधिकारियों को जमकर फटकारा। सांसद ने कहा कि नगर निगम में आकंठ भ्रष्टाचार व्याप्त हो गया है।
उन्होंने अपर नगर आयुक्त से कहा कि आप मुझे लिखकर दो कि ये मेरा काम नहीं है। मेरे बस का नहीं है। मैं लेकर जाऊंगा। काफी देर तक मौके पर बहस होती रही। फौजी को पीटने के मामले में सांसद ने कहा कि एक फौजी का काम भी नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी नहीं कर रहे। जो फौजी देश के सीमा की रक्षा कर रहा है उसका काम करने में भी तुम्हें परेशानी है। उससे भी भ्रष्टाचार करना है। उन्होंने कहा कि ये योगी, मोदी की सरकार है। भ्रष्टाचार नहीं चलेगा। डॉ. बाजपेयी बोले कि एक व्यक्ति छह महीने से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटक रहा है। मेरे जिक्र करते ही दो मिनट में उसके सर्टिफिकेट का प्रिंट निकल कर आ गया। अगर मैं नहीं कहता तो उसे ये लोग और टरकाते रहते या उससे कागज बनाने का पैसा वसूलते। मैं हर आदमी की सिफारिश नहीं कर सकता। इसका मतलब तुम लोग उससे पैसा वसूलोगे। जन्म-मृत्यु पंजीकरण में भ्रष्टाचार चरम पर है।




