ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाके में जलभराव, जनजीवन अस्तव्यस्त

मुंबई, 12 जुलाई। मुंबई में शुक्रवार तड़के से हो रही भारी बारिश से शहर के निचले इलाकों जैसे सायन, माटुंगा, दादर, हिंदमाता, वडाला में जलभराव हो गया है। सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हो गया है। इसी तरह रेलवे ट्रैक पर भी पानी भरने से मुंबई की लाइफ लाइन लोकल रेलवे की सेवा भी सुस्त रफ्तार से चल रही है। इससे मुंबई वासियों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज तड़के से मुंबई के भायखला में 100.5 मिमी, महालक्ष्मी में 41 मिमी, माटुंगा में 99 मिमी, सायन में 00 मिमी, दहिसर में 57.5 मिमी, जुहू एयरपोर्ट में 18 मिमी, मुंबई एयरपोर्ट में 71.5 मिमी, राममंदिर में 72.5 मिमी, टाटा पॉवर-चेंबूर में 58 मिमी और विक्रोली में 65.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश की चेतावनी दी है। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे शहर को ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते 17, 18 और 19 जुलाई को भारी बारिश की आशंका जताई है। इसलिए प्रशासन मुंबई समेत राज्य के नागरिकों से सावधान और सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

जानकारी के अनुसार एक दिन की राहत के बाद मुंबई शहर और उपनगरों में बारिश फिर से शुरू हो गई है। आज तड़के से हो रही बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। मुंबई में कई जगहों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है। अंधेरी सब-वे , मिलन सब-वे और मालाड सब-वे पानी में डूब गया है और इन सभी सब-वे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

बारिश के कारण मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे और हार्बर रेलवे लाइनों पर यातायात प्रभावित हो गया है। मध्य रेलवे सेंट्रल रेलवे का ट्रैफिक आधे घंटे देरी से चल रही हैं, वहीं वेस्टर्न और हार्बर ट्रेन सेवाएं 15 से 20 मिनट की से चल रही हैं। बारिश से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे समेत मुंबई की कई प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम हो गया है। रेलवे सेवाओं और सड़क परिवहन पर बारिश का असर पड़ने से मुंबईकरों को परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *