ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बेवजह वोटर्स की गाड़ियां रुकवाईं, ईवीएम में नाम छिपाया, लोगों के दिलों से मुझे कैसे निकालोगे : भाटी

लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बायतु विधानसभा में मेरे पोलिंग एजेंट को बूथ से बाहर निकाल दिया गया। ईवीएम पर मेरे नाम पर पट्टी लगा दी गई है। ताकि, मुझे वोट न पड़े। मुझे वोट देने आए प्रवासियों की गाड़ियां रोकी जा रही हैं। मुझे हराने के लिए इस तरह के कितने भी हथकंडे अपना लें, लेकिन मैंने अपने वोटरों के दिल में जगह बनाई है। उस दिल से कैसे निकालोगे।

शिव तहसील के कुछ प्रवासी और स्थानीय वोटर ने एक्स पर वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो शिव तहसील के गडरा रोड और हरसानी के वोटर्स का है। इसमें ये मतदाता दावा कर रहे हैं कि प्रवासियों की गाड़ी रोकने का प्रयास किया गया। कई जगह गाड़ियां रोक दी गईं। इसके बाद भी वे वोट देने पैदल ही निकले। भाटी ने कहा कि सरकार पूरे तरीके से पोलिंग कम करने का प्रयास कर रही है। कई सारी गाड़ियों को रुकवाया जा रहा है। कई सारे लोगों को रुकवाया जा रहा है। जो कर सकते हैं, वो कर रहे हैं। मैं उनको कहना चाहूंगा कि बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा की जनता मजबूत है। ऐसे रोककर आप कुछ नहीं कर सकते हैं। भाटी ने कहा कि पक्ष और विपक्ष साथ में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं इनको कहूंगा कि स्वागत है इस लड़ाई में। मेरे साथ बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा छत्तीस कौम की जनता साथ है। जिनके पास विकास की बात-मुद्दे नहीं होते हैं, वो लोग आरोप-प्रत्यारोप करते हैं। मैं पहले भी खुले मंच से कह चुका हूं कि आइए। हम सब जनता के साथ बैठकर डिबेट करते हैं। कहीं न कहीं उनको लगता है कि विकास तो करवाया नहीं। ऐसे में जनता का सामना कैसे करेंगे। इसलिए मेरे साथ डिबेट में बैठने को कोई तैयार नहीं है। आज पक्ष और विपक्ष एक होकर लड़ रहे हैं। मैं उनको भी शुभकामनाएं दूंगा और इस लोकतंत्र के पर्व की बधाई दूंगा।

बाड़मेर लोकसभा सीट पर बीजेपी ने कैलाश चौधरी को टिकट देकर रिपीट किया है। कांग्रेस ने इस बार आरएलपी छोड़कर कांग्रेस में आए उम्मेदाराम बेनीवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों को शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि निर्वाचन आयोग की आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। केंद्र पर अंदर मतदान हो रहा है। केंद्र के मुख्य द्वार निर्दलीय प्रत्याशी के बैनर से सजाया गया है। शिव, जैसलमेर, सिवाना में बाहरी लोगों द्वारा कई जगह बूथ कैप्चर कर फर्जी वोटिंग की जा रही है। कांग्रेस पोलिंग एजेंट्स के साथ मारपीट कर धमकाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *