ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लोस चुनावों के सफल क्रियान्वयन में मीडिया की भूमिका एवं दायित्वों पर कार्यशाला

निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया में लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लोगों तक निर्वाचन से सम्बन्धित तथ्यपरक एवं सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया कर्मी अपनी उल्लेखनीय भूमिका पूरी जिम्मेवारी के साथ निभाते हैं ।

लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के सफल क्रियान्वयन में मीडिया की भूमिका एवं दायित्वों पर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में मीडिया कर्मियों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता व्यय निगरानी के लिए नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने की, जिन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

कार्यशाला में आदर्श आचार संहिता के दौरान पेड न्यूज़, फेक न्यूज़, मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति की कार्यप्रणाली सहित सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चुनावी विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणन के सम्बन्ध में भी जानकारी साझा की गई। सोशल मीडिया व ई-पेपर को भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के दायरे में रखा गया है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि चुनावी विज्ञापन से सम्बन्धित सामग्री के प्रसारण से पूर्व यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इन विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणीकरण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त बल्क एस.एम.एस, वॉयस संदेश, सिनेमा हॉल, एल.ई.डी. व निजी एफ.एम. रेडियो पर विज्ञापन जारी करने से पूर्व इनका प्रमाणीकरण आवश्यक है। विभिन्न समाचार पत्रों में केवल मतदान दिवस एवं इससे एक दिन पूर्व राजनीतिक विज्ञापन जारी करने के लिए पूर्व प्रमाणीकरण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कोई भी जानकारी प्रसारित करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने भी स्वेच्छा से नैतिक संहिता अपनाई है और सूचना, शिक्षा तथा संचार अभियानों के माध्यम से निर्वाचन नियमों एवं कानूनों तथा दिशा-निर्देशों के बारे में भी स्वैच्छिक तौर पर जागरूकता फैलाने में सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *