ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बसपा उम्मीदवार ने कांग्रेस से विधायक पत्नी को दी घर छोड़ने की नसीहत

लोकसभा चुनाव की सियासी लड़ाई अब मुंजारे दंपत्ति के घर तक पहुंच गई है। बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से बसपा उम्मीदवार और पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कांग्रेस से विधायक अपनी पत्नी अनुभा मुंजारे को दो टूक 19 अप्रैल तक घर छोड़कर कहीं और रहने की नसीहत दी है।

बसपा उम्मीदवार कंकर मुंजारे ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि मैंने अपनी पत्नी अनुभा मुंजारे से कहा है कि उन्हें कांग्रेस का प्रचार करना है तो खुलकर करें, लेकिन मेरे घर में रहते हुए नहीं। मैं चुनाव लड़ रहा हूं, इसलिए मेरी पत्नी भी मेरी विरोधी हैं। अगर वह मेरे घर में रहेंगी तो मेरे विरुद्ध प्रचार करेंगी। 19 अप्रैल तक वे चाहें तो अपनी बहन के घर रह सकती हैं। अगर वे घर नहीं छोड़ती हैं तो मैं छोड़ दूंगा। एक घर में रहकर वह अपनी पार्टी का प्रचार करें, मैं अपना, यह संभव नहीं है।

उन्होंने अपनी पत्नी पर घेरते हुए कहा कि जब से वे विधायक बनी हैं, तब से जिले में रेत का मुद्दा क्यों नहीं उठाया? वे भाजपा के किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान, 2700 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने और 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने के अधूरे वादे पर आवाज क्यों नहीं उठा रही हैं। इसका मतलब है कि उनकी कोई सेटिंग हो गई है।

कंकर ने कहा कि कांग्रेस ने जब सम्राट सिंह सरस्वार को उम्मीदवार बनाया तो अनुभा सहित कई कांग्रेस विधायक टिकट बदलने की मांग को लेकर दिल्ली पहुंच गए और सम्राट की कमियां गिनाईं। जब उनकी बात नहीं सुनी गई तो आज सभी कांग्रेसी सम्राट के लिए प्रचार कर रहे हैं, उन्हें अच्छा और ईमानदार प्रत्याशी बता रहे हैं, ये मतदाताओं के साथ मजाक है।

घर छोड़ने का सवाल ही नहीं

इस संबंध में जब कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने बात की गई तो उन्होंने कहा कि 10 महीने पहले मैंने बेटे शांतनु के साथ कांग्रेस ज्वाइन की थी। पार्टी ने मुझे प्रत्याशी बनाया और मेरे क्षेत्र की जनता ने मुझे विधायक चुना। ऐसे में मेरी निष्ठा अपनी पार्टी के प्रति होनी चाहिए या नहीं? घर छोड़ने का सवाल ही नहीं है। मैं एक जनप्रतिनिधि के साथ कंकर मुंजारे की पत्नी भी हूं। चुनाव तक छोड़िए, मैं एक दिन के लिए भी अपना घर नहीं छोड़ सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *