ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मौजूदा सरकार के विकास कार्यों से कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की नींद उड़ गई है : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि मौजूदा सरकार के विकास कार्यों से कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि वह 2024 में अब तक 10 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में देश में विस्तारित एक लाख करोड़ रुपये की 112 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दिल्ली और गुरुग्राम के बीच बहुप्रतिक्षित द्वारका एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड भी शामिल है। 8 लेन द्वारका एक्सप्रेसवे का 19 किमी लम्बे हरियाणा खंड का निर्माण 4,100 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस परियोजना में 10.2 किमी लंबे दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से बसई रेल-ओवर-ब्रिज (आरओबी) और 8.7 किमी लंबे बसई रेल-ओवर-ब्रिज (आरओबी) से खेड़की दौला तक के दो पैकेज शामिल हैं। यह दिल्ली और गुरुग्राम बाईपास में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सीधे कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा।

इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “देश में हो रहे लाखों करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों से सबसे ज्यादा दिक्कत सिर्फ कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन को है। उनकी नींद हराम हो गई है। इसलिए वो लोग कह रहे हैं कि मोदी चुनाव के कारण लाखों करोड़ रुपये के काम कर रहा है। 10 वर्षों में देश इतना बदल गया लेकिन कांग्रेस और उसके दोस्तों का चश्मा नहीं बदला। इनके चश्मे का नंबर आज भी वही नकारात्मक सोच (ऑल नेगेटिव) है।”

उन्होंने कहा, “2024 के अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए हैं और इतने कम समय में 10 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हो चुका है। ये सिर्फ वो प्रोजेक्ट्स हैं, जिसमें मैं खुद शामिल हुआ हूं। इसके अलावा मेरे मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने भी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया है।”

मोदी ने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड का उद्घाटन और 112 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शुभारंभ देश के बुनियादी ढांचे के विकास में एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। एक्सप्रेसवे ग्रामीण भारत के लिए बहुत सारे अवसर खोलते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में तेजी से हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण का काम, भारत को उतनी ही तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत भी बनाएगा। उन्होंने कहा, “मैं न छोटा सोच सकता हूं, न मैं मामूली सपने देखता हूं और न ही मैं मामूली संकल्प करता हूं। मुझे जो चाहिए विराट चाहिए, विशाल चाहिए और तेज गति से चाहिए, क्योंकि 2047 में मुझे देश को ‘विकसित भारत’ के रूप में देखना है।”

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि द्वारका एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित करने का अवसर मिला। इस एक्सप्रेसवे पर 9,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। यह दिल्ली और हरियाणा के बीच यात्रा के अनुभव को हमेशा के लिए बदल देगा।”

उन्होंने कहा, “पहले की सरकारें छोटी सी कोई योजना बनाकर, छोटा सा कोई कार्यक्रम करके उसकी डुगडुगी पांच साल तक पीटती रहती थीं। भाजपा सरकार जिस रफ्तार से काम कर रही है, उसमें शिलान्यास व लोकार्पण के लिए समय और दिन कम पड़ रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *