ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

15 फरवरी को 3.8 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के तहत जिले में एक से 19 साल तक के 3,08,797 बच्चों, किशोर, किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया।

उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी बच्चों को गोली खिलाने में स्वास्थ्य विभाग का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को विश्वास दिलाने के लिए मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी स्वयं भी इस गोली को खा सकते हैं, ताकि बच्चे को भय न हो कि गोली खाने से उन्हें कोई दिक्कत होगी। तोमर ने कहा कि जिले में सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के साथ-साथ ईंट भट्टों, भवन निर्माण एरिया व स्लम एरिया में जहां श्रमिक कार्य कर रहे हों, उनके एक से 19 वर्ष के बच्चों को निशुल्क दवा खिलाई जाए।

उन्होंने कहा कि पेट में कीड़ों की समस्या से बहुत से बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं, इससे निजात पाने के लिए जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। दवाई खाना खाने के उपरान्त खिलाई जाए व बच्चों को अपने सामने गोली चबाकर खिलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस अभियान को पूर्ण रुप से सफल बनाने के लिए गांव के पंच-सरपंच, नंबरदार तथा सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों का भी सहयोग लें।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पेट में कीड़े होने से बच्चों में खून की कमी हो जाती है और वह एनीमिया के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि उस दिन जो बच्चे गोली खाने से छूट जाएंगे, उन्हें मॉपअप दिवस यानी 20 फरवरी को संबंधित कर्मियों आंगनबाड़ी व आशा वर्कर आदि के माध्यम से यह गोली खिलाई जाएगी। दो साल से कम उम्र के बच्चों को आधी गोली, 2 से 19 साल तक के बच्चों को पूरी गोली चबा के खानी है। पेट के कीड़े मारने की दवाई खाने में अगर किसी बच्चे को कोई परेशानी होती है तो वे तुरंत 108 नंबर पर एंबुलेंस या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *