ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राम मंदिर उद्घाटन वाले दिन बंगाल में नहीं रहेगी छुट्टी!

सोमवार 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन देश के कई राज्यों ने छुट्टी की घोषणा की है। कई बड़े संस्थानों में भी छुट्टियां रहेंगी। इसे लेकर बंगाल भाजपा ने भी राज्य सरकार से राज्य में छुट्टी की मांग की थी, लेकिन इस पर सरकार ने चुप्पी साथ रखी है। इस बीच राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है की छुट्टी के बारे में कोई निर्देश नहीं मिला है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हाल ही में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिख कल छुट्टी घोषित करने की मांग की थी। पत्र मिलने के बाद ममता ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। नवान्न सूत्रों के मुताबिक, राज्य की उस दिन पूरे या आधे दिन की छुट्टी देने की कोई योजना नहीं है। प्रशासन के एक वर्ग को लगता है कि मुख्यमंत्री अंततः ”छुट्टी” पर कोई निर्णय नहीं लेंगी क्योंकि आज रविवार है और कल ही प्राण प्रतिष्ठा होनी है तो अगर छुट्टी का निर्देश देना था तो शनिवार को ही मिल जाना चाहिए था। इस बीच शनिवार को कोलकाता नगर निगम के मेयर और राज्य के दिग्गज मंत्री फिरहाद हकीम ने भी ऐसा ही संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि देश में हर दिन कहीं न कहीं मंदिर, मस्जिद और चर्च का उद्घाटन हो रहा है। इसका मतलब यह है कि उन दिनों छुट्टी दे देनी चाहिए? उन लोगों को बधाई जो मंदिर का उद्घाटन कर रहे हैं। आम लोगों में मंदिर या किसी भी चीज़ को लेकर कोई उत्साह नहीं है।

महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, पुडुचेरी और गोवा की सरकारें पहले ही उस दिन छुट्टी की घोषणा कर चुकी हैं। केंद्र सरकार ने उस दिन आधे दिन की छुटी दी है। 22 जनवरी को सभी केंद्र सरकार के कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्र सरकार के औद्योगिक प्रतिष्ठान दोपहर 2.30 बजे तक बंद रहेंगे। कई भाजपा शासित राज्यों ने भी राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर छुट्टी की घोषणा की है। उस दिन उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, असम, हरियाणा में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। भाजपा शासित एक अन्य राज्य गोवा में सभी स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार ने भी 22 जनवरी को छुट्टी की घोषणा कर दी। भारतीय रिजर्व बैंक के नियंत्रण वाले वित्तीय संस्थान भी 22 जनवरी को बंद रहेंगे।

रिजर्व बैंक की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ”उस दिन सरकारी बैंकिंग संस्थान बंद रहेंगे। उस दिन कोई लेन-देन नहीं होगा।” राम मंदिर के उद्घाटन के दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज भी बंद रहेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उद्घाटन वाले दिन ही पूरे राज्य में सद्भावना रैली की घोषणा की है। वह खुद सभी धर्मों के पुजारियों को साथ लेकर कोलकाता में पदयात्रा करेंगी। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *