ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कारागार में निरुद्ध बंदियों ने श्रीराम मंदिर की बनाई अद्भुत वॉल हैंगिंग

अयोध्या में श्रीरामलला की स्थापना की गूंज पूरी दुनिया में है। राममंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा में हर कोई अपना सहयोग देना चाहता है। उत्तर प्रदेश का जनपद भदोही इन दिनों सुर्खियों में है। जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों ने अद्भुत वॉल हैंगिंग का निर्माण किया है। इसे मंदिर के गर्भगृह के निकट, हाल व गैलरी में लगाये जाने की संभावना है।

भदोही दुनिया भर में काॅलीन निर्माण के लिए विख्यात है। जिला कारागार ज्ञानपुर में बंदियों ने दीवारों पर टांगी जाने वाली सात वॉल हैंगिंग की बुनाई की है। जिसमें श्रीराम-सीता दरबार, राम जन्मभूमि मंदिर की आकृति विशेष है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने इस विशेष काॅलीन को जेलर के साथ विशेष वाहन से अयोध्या भेज दिया है। जहां उसे अयोध्या के मंडलायुक्त को सप्रेम भेंट किया जाएगा। वॉल हैंगिग को 12 बंदी बुनकरों ने बुना है। पिछले 15 दिनों से इस तन्मयता से जुटे हुए थे। इसे मंदिर के गर्भ गृह के निकट, मंदिर के हाॅल व गैलरी में लगाये जाने की संभावना है।

जिलाधिकारी भदोही गौरांग राठी ने हाल ही में इसको भेंट स्वरूप देने को लेकर शासन को पत्र लिखा था। अनुमति के बाद कारीगरों को काम पर लगाया गया था। उन्होंने बताया कि सुंदर वॉल हैंगिंग भक्तों का मनमोह लेगी। इस पर कलात्मक चित्रकारी कैदियों की तरफ से की गयी है। कलाकृतियां पर्यटकों को लुभाने में मददगार होगी। रामलला के दरबार में सुंदरता बिखेरेगी। भदोही गलीचों का शहर है यहां का कार्पेट अमेरिका के ह्वाइट हाउस की शोभा बढ़ाता है। हाल ही में निर्मित नए संसद भवन में भदोही की काॅलीन बिछाई गई है। यशोभूमि भारत मंडपम में भी भदोही के काॅलीन की चर्चा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *