ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हर गांव में मनेगी दीपावली, गंगा समग्र सिमरिया में जलाएगी एक लाख दीप

अयोध्या में भगवान श्रीराम लला के प्राण-प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को जिले के सभी गांव में अयोध्या की तरह भव्य दीपावली का नजारा दिखेगा, तो सभी मंदिर दिखेंगे राम मंदिर की तरह। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में इसकी व्यापक तैयारी की जा रही है।

रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर गंगा समग्र के कार्यकर्ता सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजन और प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे अपने-अपने घरों में दीपावली मनाएंगे। इसके साथ ही मिथिलांचल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सिमरिया धाम के नमामि गंगे घाट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित कर श्रीराम एवं उनके पूर्वज के प्रति श्रद्धा अर्पित करेंगे।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री एवं समारोह के अभियान प्रमुख विकास भारती ने बताया कि सभी गांव में कार्यक्रम के निमित्त एक जनवरी से घर-घर अक्षत वितरण कर 22 जनवरी को भव्य और दिव्य दीपावली मनाने के लिए लोगों को निमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी गांव में दीपावली मनाने की तैयारी की जा रही है। दोपहर में ठीक एक बजे सभी मंदिरों में एक साथ घंटी और आरती के स्वर गूंजेंगे। कई जगहों पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव टेलीकास्ट किए जाने की भी तैयारी की जा रही है।

इधर, गंगा समग्र द्वारा भी जोरदार तैयारी की जा रही है। गंगा समग्र के उत्तर बिहार प्रांत संयोजक-सह-विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने बताया कि श्रीराम के कुल का सीधा संबंध माता गंगा से रहा है। श्रीराम के पूर्वज भागीरथ के कठोर तप से गंगा धरातल पर आयी। ऐसे में श्रीराम, भागीरथ एवं माता गंगा का पूजन किया जाएगा।

बिहार के आध्यात्मिक और मोक्ष भूमि सिमरिया गंगाधाम में नवनिर्मित नमामि गंगे घाट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित कर पूजन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। गंगा घाट की सफाई से लेकर सजावट तक का काम गंगा समग्र द्वारा किया जाएगा। जिसमें जिले भर के सभी आयाम के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत घाट का निर्माण पूरा हो चुका है। राज्य सरकार की ओर से घाट बनाया जा रहा है। सिमरिया धाम के विकास में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जो विकास कार्य किया जा रहा है। 22 जनवरी को जब सैकड़ों वर्ष की तपस्या के बाद प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे तो वह क्षण अद्वितीय होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *