ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दो सडक़ हादसों में 11 की मौत, तीन घायल

महाराष्ट्र में पुणे और उल्हासनगर में रविवार की रात और सोमवार को सुबह हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हो गए हैं। उल्हासनगर के सडक़ हादसे में तीन घायलों काे उल्हासनगर मध्यवर्ती सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं की छानबीन स्थानीय पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार पुणे जिले के डिंगोर इलाके में रविवार की रात अहमदनगर-कल्याण हाईवे पर पिकअप वाहन और ऑटो रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई । इस घटना में पिकअप वाहन सवार पांच और ऑटो रिक्शा पर सवार तीन सहित कुल आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों की पहचान गणेश मस्करे (उम्र 30), कोमल मस्करे (उम्र 25), हर्षद मस्करे (उम्र 4), काव्या मस्करे (उम्र 6) एक ही परिवार के रूप में की गई है। अन्य चार लोगों की पहचान नहीं हाे सकी है। गणेश मस्करे अपने परिवार के साथ अपनी साली की शादी में जुन्नर तहसील के पिंपलवंडी गांव गए थे। शादी के बाद देर रात वे अपने घर लौट रहे थे। उसी समय यह हादसा हुआ और पूरा परिवार काल के गाल में समा गया।

एक अन्य दुर्घटना मुंबई से सटे उल्हासनगर शहर में कल्याण- बदलापुर रोड पर शांतिनगर इलाके में सोमवार को सुबह तकरीबन साढ़े पांच बजे शराब के नशे में धुत कार चालक ने दो रिक्शा और चार कारों को टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को उल्हासनगर सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान प्रमोद दौंड, महेंद्र पांडे और जावेद जाफर के रूप में हुई हैं। पुलिस शेष अन्य शवों की पहचान की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद कार चालक फरार हो गया है। उल्हासनगर पुलिस स्टेशन की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *