ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

देव दीपावली की तैयारियां शुरू, नौ जोन और 11 सेक्टर में बांट कर सुरक्षा प्रबंध

देव दीपावली पर्व की प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व पर गंगा किनारे उमड़ने वाली लाखों की भीड़ के सुरक्षा प्रबंध को लेकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट भी सतर्क है। माना जा रहा है कि 10 लाख से अधिक श्रद्धालु देव दीपावली की भव्यता देख सकते हैं। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था का खाका भी तैयार कर लिया है। इस बार देव दिवाली 27 नवम्बर को होगी।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार देव दीपावली पर्व पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए शहर में 31 स्थान पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन का काम ट्रैफिक पुलिस और पुलिस मिलकर 54 प्वाइंट से करेगी। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि नागरिक सहूलियत के साथ गंगा घाटों तक जाकर उत्सव का लुत्फ उठाने के बाद बगैर किसी दिक्कत के अपने गंतव्य को वापस लौट जाएं।

इन स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था

सूजाबाद पुलिस चौकी के सामने, चौकाघाट पुलिस चौकी के दाएं-बाएं, सर्व सेवा संघ भवन का खाली मैदान, बेनिया बाग, मजदा सिनेमा, गोदौलिया, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, जयनारायण इंटर कॉलेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, काशी विद्यापीठ, रामलीला मैदान लकड़ीमंडी, नटराज सिनेमा सिगरा, एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, रवींद्रपुरी में सड़क के दोनों ओर की पटरी, गर्ल्स हिंदू कॉलेज कमच्छा, सामने घाट पश्चिमी स्कूल के बगल में, सामने घाट पश्चिमी सनबीम स्कूल के बगल में, नरिया से हैदराबाद गेट रोड पर, नगवा चौराहा, संत रविदास गेट, संत रविदास गेट से हनुमान मंदिर तिराहा, बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा (रविदास गेट से आगे), रवींद्रपुरी-शिवाला कूड़ा घर मोड़, होटल ब्राडवे तिराहा, अग्रवाल तिराहा शिवाला, आशापुर फ्लाईओवर से हवेलिया तिराहा तक सड़क के दोनों ओर, कटिंग मेमोरियल स्कूल (छोटा/बड़ा), सेंट मेरी स्कूल कैंटोनमेंट के सामने की सड़क, एफसीआई गोदाम के पास, भास्करा पोखरा। पर्व पर रामनगर, आदमपुर, कोतवाली, चौक, दशाश्वमेध, लक्सा और भेलूपुर थाना क्षेत्र में 21 जगह बैरियर लगाए जाएंगे। पर्व पर चांदपुर चौराहा, आजमगढ़ अंडरपास, तरना पुल और आशापुर ओवरब्रिज पूर्वी से शहर की ओर रोडवेज या निजी बसें नहीं आने दी जाएंगी। देव दीपावली पर ही सभी 84 गंगा घाटों को नौ जोन, 11 सेक्टर और 32 सब सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था का खास प्रबंध किया गया है। अत्यधिक भीड़ वाले घाटों पर क्यूआरटी की 20 टीम तैनात रहेंगी। 11 विशेष टीमें लाउडहेलर के साथ घाटों पर पेट्रोलिंग करेंगी। 17 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीमें रहेंगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 11 पिंक बूथ बनेंगे। उधर, सोमवार शाम को जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और नगर आयुक्त ने सर्किट हाउस, पुलिस लाइन चौराहा होते हुए मकबूल आलम रोड, चौकाघाट फ्लाई ओवर, चौकाघाट लकड़ी मंडी होते हुए सिटी स्टेशन, गोल गड्डा, डाटपुल राजघाट होते हुए नमो घाट तक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने शहर के सभी मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, कहीं पर भी सीवर ओवरफ्लो एवं वाटर लीकेज की समस्या न होने पाये का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *