ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कोयल पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने महिला और बच्चे की बचाई जान

पारिवारिक विवाद में अपने बच्चे के साथ आत्महत्या करने के लिए कोयल पुल से नदी में छलांग लगा रही एक महिला को सहायक पुलिस के जवान ने रोककर उसकी जान बचाई। महिला एक बच्चे को दुपट्टे से पीठ पर बांधकर नदी में छलांग लगाने के लिए कोयल ब्रिज की रेलिंग पर चढ़ी थी। इसी क्रम में जवान ने तत्परता दिखाई और महिला को कूदने से रोक दिया। उसे चेक पोस्ट लाया गया। समझाने के बाद महिला को चैनपुर थाना भेज दिया। महिला की पहचान चैनपुर के अस्पताल चौक के पास रहने वाले इस्तेखार खान की 24 वर्षीय पत्नी जुगनू बीवी के रूप में हुई है। इस संबंध में महिला के भाई समेत मायके पक्ष के लोगों को भी सूचना दी गई है।

चैनपुर चेक पोस्ट के सहायक पुलिस के जवान अखिलेश पासवान के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 8.45 बजे की है। वह चेक पोस्ट पर ड्यूटी में तैनात था। इसी बीच एक महिला एक बच्चे को लेकर चैनपुर की ओर से आई और कोयल ब्रिज पर आकर खड़ी हो गई। महिला के हाव-भाव से लगता था कि वह परेशान है। इसी बीच वह अपने दुपट्टे से बच्चे को पीठ पर बांधने लगी और छलांग लगाने के लिए रेलिंग के ऊपर चढ़ रही थी। जैसे ही उसे इसका आभास हुआ, वह फौरन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा और महिला को छलांग लगाने से रोक दिया। साथ ही उसे समझा बुझाकर चेक पोस्ट में लाया। यहां महिला रोती बिलखते नजर आई।

इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी को सूचना दी गई और फिर पुलिस के आने के बाद महिला को थाने ले जाया गया। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

इधर जानकारी मिली है कि महिला पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या करने के लिए कोयल ब्रिज पर पहुंची थी। महिला की शादी 5-6 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। गोतनी के साथ उसका विवाद होना बताया जाता है। महिला का मायके लेस्लीगंज में है। उसके भाई गुड्डू खान ने बताया कि इस संबंध में सूचना मिली है। जानकारी लेने के लिए चैनपुर थाना और बहन के घर जा रहे हैं। वहां से जानकारी लेने के बाद कारण स्पष्ट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *