ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर को देंगे 628 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर को 628.59 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें जल निगम और लोक निर्माण विभाग की 195 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति पार्क में किया गया है। मुख्यमंत्री अपराह्न 03 बजे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री 61.38 करोड़ की लागत वाली जिन दो प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें सबसे महत्वपूर्ण गोरखनाथ मंदिर से नकहा ओवरब्रिज होते हुए स्पोर्ट्स कॉलेज तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे वह सभी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की हैं। कुल 193 परियोजनाओं पर 567.21 करोड़ रुपये खर्च कर ग्राम पंचायतों में घर-घर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पेयजल की इन नई परियोजनाओं से शहर क्षेत्र के अलावा अन्य सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों- पिपराइच, कैम्पियरगंज, गोरखपुर ग्रामीण, चिल्लूपार, सहजनवा, चौरीचौरा, खजनी, बांसगांव क्षेत्र के 193 गांवों के लोगों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर कुल 70,558 घरों के लोग लाभान्वित होंगे। इसके पूर्व 20 जून को मुख्यमंत्री ने 623 गांवों के लिए 2245.28 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। उल्लेखनीय है कि 2017 में आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब तक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 2,16,167 घरों के लोग नल से पेयजल योजना के लाभ से लाभान्वित हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *