जन्मदिन पर बच्चे अब टॉफी के बदले जरूरतमंदों के बीच बांटेंगे खाद्य सामग्री
अपने जन्मदिन के अवसर पर टॉफी और मिठाई बांटने के बदले डीएवी के छात्र-छात्राएं अब जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण करेंगे। इसके लिए डीएवी एचएफसी उर्वरक नगर में प्राचार्य सुमंत घोष के नेतृत्व में आज हवन यज्ञ के साथ अन्नपूर्णा योजना का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान की शुरुआत के लिए अपने संदेश के माध्यम से बेगूसराय जोन-डी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी कमल किशोर सिन्हा ने कहा कि ऐसे कल्याणकारी योजना प्रारंभ करना अत्यंत ही सराहनीय है। जिससे बच्चे उचित वस्तुएं जरुरतमंदों के बीच बांटकर उनके शुभचिंतक रूप में अपने को प्रस्तुत कर सकें।
इस अवसर पर प्राचार्य सुमंत घोष ने कहा कि दयानंद एंग्लो वैदिक संस्थान अपना 137 वर्ष एक जून को पूरा कर चुका है। तब से आज तक इस संस्थान ने अपना योगदान देश के हर क्षेत्र में दिया है। चाहे वह शिक्षा क्षेत्र में हो, खेलकूद क्षेत्र हो, विज्ञान एवं तकनीक क्षेत्र हो, आपदा क्षेत्र हो या देश का किसी भी अन्य क्षेत्र हो, हमेशा बढ़-चढ़ कर भाग लिया है।
आज जो योजना शुरू हुई है, यह इसी की कड़ी है। बच्चे एवं शिक्षक अपने जन्मदिन पर पूर्व में मिठाई या टॉफी बांटते थे। उसके बदले जरुरतमंद लोगों के लिए अपने स्वेच्छा से दैनिक उपयोग के लिए चावल, चुड़ा, दाल आदि आदि जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर वितरित करें। इससे बच्चे यह समझ पाएंगे कि जीवन का डगर कितना कठिन है। सेवा भाव से किसी के जीवन को खुशहाली में बदल सकते हैं। हमलोगों को इसके लिए सतत प्रयास करना है, जिससे बच्चों में ऐसे कार्यक्रम से जाग्रति पैदा हो। समाज, देश एवं विश्व का कल्याण हो सके।




