ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लनामिवि में सीबीसीएस आधारित चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नामांकन शुरू

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय द्वारा चार वर्षीय सीबीसीएस आधारित स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2023- 27 में नामांकन के लिए चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी करते ही बेगूसराय के सभी कॉलेजों में आज से नामांकन शुरू हो गया।

चयनित छात्र-छात्राओं का नामांकन छह जुलाई तक तथा प्रतीक्षा सूची से आठ से दस जुलाई के बीच नामांकन लिया जाएगा। चयन सूची से नामांकन के बाद रिक्त सीटों को विषयवार एवं कोटिवार विश्वविद्यालय के वेबसाइट सात जुलाई को अपलोड कर दिया जाएगा।

प्रतीक्षा सूची में अंकित छात्र-छात्राएं वेबसाइट से प्रतीक्षा सूची डाउनलोड कर चयनित कॉलेज में अपने कोटि के रिक्त सीटों के विरुद्ध नामांकन ले सकेंगे। इसके लिए छात्र-छात्राएं अपने एप्लीकेशन आईडी एवं पासवर्ड से लॉग-इन कर चयन पत्र एवं प्रतीक्षा सूची डाउनलोड कर सकते हैं।

छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार यादव ने बताया कि कुल आवेदित एक लाख 84 हजार 483 छात्र-छात्राओं में से एक लाख 34 हजार 154 छात्र-छात्राओं का चयन चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2023-2027 में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य में नामांकन के लिए किया गया है।

उन्होंने बताया कि नामांकन अपडेशन के उपरांत नामांकित छात्रों को स्वत: विश्वविद्यालय क्रमांक जारी हो जाएगा। यही पंजीयन संख्या एवं विश्वविद्यालय स्तरीय अगले सभी परीक्षाओं का क्रमांक होगा। विश्वविद्यालय के इतिहास में इस तरह की योजना पहली बार लागू की गई है। जिससे छात्रों को होने वाली अनेक कठिनाइयों से निजात मिलेगा।

राज्यपाल सचिवालय राजभवन पटना से प्राप्त चार वर्षीय सीबीसीएस स्नातक नामांकन शुल्क विवरणी भी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर अपलोड कर कॉलेजों को भी भेज दिया गया है। कुलपति प्रो. सुरेन्द्र प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व से इतनी अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं का चयन एवं प्रतीक्षा सूची नामांकन के लिए समय पर जारी हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *