धान की रोपाई से पहले हुई बरसात ने किसानों की बढ़ाई मुस्कान

गर्मी से बेहाल लोगों को अब राहत मिलने लगी है। शुक्रवार की सुबह से तेज बारिश शुरू होने से मौसम का मिजाज नर्म हो गया है। इधर, मौसम विभाग ने शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना जताई है।

हालांकि, उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बृहस्पतिवार से ही राहत मिलना शुरू हो गयी थी। गुरुवार को दिन भर बादलों की अठखेलियां चलती रहीं। सूरज से लुकाछिपी के बीच पड़ रही फुहारों ने मौसम को नर्म कर दिया था। अब शुक्रवार सुबह से ही गोरखपुर जिले में तेज बारिश हो रही है। देर रात से बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ रिमझिम फुहारों से मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार की सुबह को बरसात ने रफ़्तार पकड़ ली है और तेज बरसात हो रही है।

किसानों के लिए लाभकारी है बरसात

वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. आदित्य द्विवेदी का कहना है कि इस बरसात से न सिर्फ धरती की प्यास बुझी है, बल्कि फसलों को संजीवनी भी मिली है। गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है। गर्मी से झुलस रही फसल अब लहलहाएगी। किसानों को जरूरी खाद भी देना चाहिए। इधर, धान की रोपाई से पहले हुई बरसात से किसानों को थोड़ा आर्थिक सम्बल भी मिलेगा। खेत तैयार करने में कम पानी लगेगा। किसानों की बचत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *