October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

इतिहास के पन्नों में 02 अगस्तः इराक का कुवैत पर हमला बना पहले खाड़ी युद्ध की वजह

देश-दुनिया के इतिहास में 02 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। दरअसल 1990 में 02 अगस्त को इराक के एक लाख से ज्यादा सैनिकों ने 700 टैंकों के साथ कुवैत पर हमला करके उसपर कब्जा कर लिया था। इस कारण अमीर को सऊदी अरब पलायन करना पड़ा। खास बात यह है कि यह हमला पहले खाड़ी युद्ध की वजह बना। यह युद्ध 28 फरवरी 1991 को खत्म हुआ। इराक के खिलाफ 34 राष्ट्रों ने मिलकर युद्ध छेड़ा। इस युद्ध का उद्देश्य इराकी बलों को कुवैत से बाहर निकालना था।

इराक के कुवैत हमले की अंतरराष्ट्रीय जगत में तीखी प्रतिक्रिया हुई। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने इराक के खिलाफ तत्काल आर्थिक प्रतिबंध लागू किए। तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने सऊदी अरब के लिए अमेरिकी बलों को नियुक्त किया। इराकी बलों को कुवैत से निकालने का प्रारंभिक संघर्ष 17 जनवरी, 1991 को एक हवाई बमबारी के साथ शुरू हुआ था।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1763: मुर्शिदाबाद पर कब्जे के बाद ब्रिटिश सेना ने गिरिया की लड़ाई में मीर कासिम को हराया।

1790: अमेरिका में पहली बार जनगणना हुई।

1831: नीदरलैंड की सेना ने दस दिन के अभियान के बाद बेल्जियम पर कब्जा किया।

1858: ब्रिटिश सरकार ने गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट पारित किया। इसके बाद भारत का शासन ईस्ट इंडिया कंपनी से ब्रिटिश राजशाही के हाथ में चला गया। भारत में ब्रिटिश सरकार के शीर्ष प्रतिनिधि के रूप में वायसराय का ओहदा बनाया गया।

1870: लंदन में विश्व का प्रथम भूमिगत ट्यूब रेलवे टावर सब-वे शुरू हुआ।

1922: चीन में समुद्री तूफान से लगभग साठ हजार लोगों की मौत।

1944: तुर्किये ने जर्मनी के साथ राजनयिक संबंध तोड़े।

1955: सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।

1984: यूरोप की मानवाधिकार अदालत ने ब्रिटेन के एक नागरिक की फोन टैपिंग को यूरोपीय संधि का उल्लंघन बताया।

1987: विश्वनाथ आनंद ने विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप जीती।

1990: इराक के एक लाख से ज्यादा सैनिकों ने 700 टैंकों के साथ कुवैत पर हमला करके उसपर कब्जा कर लिया। अमीर का सऊदी अरब पलायन। यह हमला पहले खाड़ी युद्ध की वजह बना।

1999 – चीन ने लंबी दूरी (8000 किलोमीटर) की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया।

2001: पाकिस्तान ने भारत से चीनी आयात को मंजूरी दी।

2003ः संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने लाइबेरिया में संघर्ष विराम लागू करने के लिए सेना भेजने की अनुमति दी।

2004ः अमेरिका की लिंडसे डेवनपोर्ट ने रूस की मिस्कीनी की हराकर सान डियागो टेनिस चैम्पियनशिप का महिला एकल खिताब जीत लिया।

2004ः पराग्वे की राजधानी आसुनसियोन में एक सुपर बाजार में आग लगने से 300 लोग मरे।

2008ः सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ने हांगकांग में अपनी पहली शाखा खोली।

2010: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बाढ़। 1000 से अधिक लोगों की मौत।

2012ः लंदन ओलम्पिक में भारत ने कुल 6 पदक (2 रजत और 4 कांस्य) जीते। भारत इस प्रतियोगिता में 55वें नम्बर पर रहा। पदक तालिका में अमेरिका शीर्ष पर रहा। उसने 104 पदक जीते।

जन्म

1861ः भारत के प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रफुल्ल चंद्र राय। उन्हें ‘रसायन विज्ञान का जनक’ माना जाता है।

1876ः भारत के राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के अभिकल्पक पिंगलि वेंकय्या।

1877ः मध्य प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ल।

1931ः नवगीत आंदोलन के उन्नायकों में प्रमुख उमाकांत मालवीय।

1952ः पद्मश्री से सम्मानित जाने-माने व्यंग्यकार ज्ञान चतुर्वेदी।

निधन

1930ः विज्ञानसाधक और देशप्रेमी चुनीलाल बसु।

1980ः पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध मूर्तिकार रामकिंकर बैज।

2010ः भारतीय सिनेमा के अभिनेता कमल कपूर।

महत्वपूर्ण दिवस

-राष्ट्रीय ध्वज के अभिकल्पक पिंगलि वेंकय्या की जयंती।

-दादरा एवं नगर हवेली मुक्ति दिवस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.