• December 30, 2025

कैथल में अल सुबह बूंदाबांदी, तीन दिनों तक खराब रहेगा मौसम

 कैथल में अल सुबह बूंदाबांदी, तीन दिनों तक खराब रहेगा मौसम

एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार अलसुबह कैथल सहित प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी हुई और तेज हवाएं चली। हालांकि दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन हवाएं चलने से ठंडक रही। कैथल, पंचकूला,अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में बारिश के आसार बन रहे। दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने से रात का तापमान गिरने के भी संभावना बनी हुई है।

कैथल में दिन का अधिकतम तापमान जहां 33 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। रात का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम 29 मार्च तक परिवर्तनशील रहने के आसार हैं। इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में परिवर्तन देखने को मिलेगा। बारिश के साथ हवाओं की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर तक रहने के आसार हैं। हरियाणा के अलावा पंजाब के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 दिनों तक सूबे के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे, साथ ही 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं भी चलेंगी।

29 मार्च से फिर बदलेगा मौसम, बढ़ेगी गर्मी

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 29 मार्च के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसकी वजह यह है कि दिन में तेज धूप और हवा नहीं चलने के कारण पारे में एक-दो डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा। मौसम के बदलाव के साथ ही किसानों की चिंता बढ़ने लगती है। खेतों में सरसों की कटी हुई फसल पड़ी है। यदि बारिश होती है तो फसल को काफी नुकसान पहुंच सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक डॉ. रमेश वर्मा का कहना है कि बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं होगा। अगर तेज बरसात के बाद हवाएं चलती हैं तो गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉ. राजीव मित्तल का कहना है कि ठंडी चीजों से परहेज करें। अभी मौसम परिवर्तनशील चल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *