• March 17, 2026

लोकसभा में 8 विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द, सदन में सहमति से हुआ फैसला

नई दिल्ली: लोकसभा से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां विपक्ष के 8 सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया गया है। ये सांसद संसद के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान सदन की अवमानना के आरोप में निलंबित किए गए थे।

निलंबन रद्द होने वाले सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले और किरण कुमार रेड्डी शामिल हैं। इसके अलावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन का निलंबन भी समाप्त कर दिया गया है।

निलंबन के बाद ये सभी सांसद संसद परिसर में मकर द्वार के पास धरने पर बैठे हुए थे और लगातार विरोध दर्ज करा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विभिन्न दलों के नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसी बैठक में सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद निलंबन वापस लेने का फैसला किया गया।

सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ने निलंबन रद्द करने का अनुरोध करते हुए विपक्षी सांसदों के व्यवहार पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने निलंबन समाप्त करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।

गौरतलब है कि 3 फरवरी को बजट सत्र के दौरान इन सांसदों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आसन की ओर कागज फेंके थे। इसे सदन की अवमानना मानते हुए उन्हें शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *