ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सेवा पखवाड़ा के तहत विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को निर्माणाधीन झोटवाड़ा फ्लाईओवर का निरीक्षण कर मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारी, मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी, दुकानदार सहित स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष अपने-अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। दीया कुमारी ने मौके पर ही अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि यह सुविधा आमजन के लिए है, इसलिए इसमें जनता की राय और सुझाव बहुत महत्वपूर्ण है। कोई भी नया निर्माणकार्य दीर्घकालिक दृष्टि के साथ होना चाहिए, जिससे कि आने वाले 25 वर्षों तक बिना किसी परेशानी के जनता इसका उपयोग कर सके। इसके निर्माण में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। दीया कुमारी ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस प्रोजेक्ट पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया, बल्कि इसका जल्दबाजी में उद्घाटन कर दिया। कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों के दौरान भी यह फ्लाई ओवर बनकर तैयार नहीं हुआ। अब भी इस प्रोजेक्ट में इतनी खामियां हैं।

विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मनाए जा रहे सुशासन पखवाड़ा के अंतर्गत तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान की आज उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा से शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने खातीपुरा मण्डल के संघ शक्ति कार्यालय में क्षत्रिय युवक संघ के संस्थापक तनसिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भवानी निकेतन मण्डल के इंद्र कुष्ठ आश्रम में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा और मुरलीपुरा मण्डल के अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही, उन्होंने विद्याधर नगर एवं नांगल मण्डल के स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में भी शिरकत की। दीया कुमारी ने विद्याधर नगर स्टेडियम में पूर्व उपराष्ट्रपति भैंरो सिंह शेखावत के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वच्छता अभियान के लिए जन-जन को जागरूक किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा स्वच्छ भारत की जो नींव रखी गई, उस मुहीम को राजस्थान की जनता तक पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इस मुहीम के तहत “स्वच्छता ही सेवा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए जन शक्ति ने सहभागिता दर्ज करवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *