ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘तमाशा होना तय है, अब मेरी बारी’, सोनिया गांधी ने अपनी किताब को लेकर कही बड़ी बात

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। किताब के प्रकाशन से पहले सोनिया गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी, निजी अनुभवों और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी बातों को सामने रखने की बात कही। उन्होंने कहा, “जब यह किताब आएगी, तो तमाशा होना तय है। आखिर, इतने दशकों तक दूसरे लोग मेरी कहानी सुनाते रहे हैं, अब मेरी बारी है।”

सोनिया गांधी के इस बयान के बाद उनकी किताब को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किताब के जरिए वह अपनी कहानी तथ्यों के साथ लोगों के सामने रखना चाहती हैं।

‘राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थी’

अपने वीडियो में सोनिया गांधी ने उस दौर को भी याद किया, जब उनके पति राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया था। सोनिया ने बताया कि वह उस समय राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के पूरी तरह खिलाफ थीं।

उन्होंने कहा कि उनके बारे में पहले ही काफी कुछ लिखा जा चुका है, लेकिन उसमें कई बातें सही नहीं थीं। उनके मुताबिक, कुछ बातें गढ़ी गईं और फिर उन्हें बार-बार दोहराया गया। इसी अनुभव ने उन्हें अपनी कहानी खुद बताने के लिए प्रेरित किया, ताकि वह तथ्यों के साथ अपनी जिंदगी के अनुभव साझा कर सकें।

सोनिया गांधी ने कहा कि यह केवल उनका पक्ष नहीं, बल्कि उनकी कहानी है। उन्होंने माना कि लोगों के उनके प्रति अलग-अलग नजरिए हो सकते हैं। किताब पढ़ने के बाद कुछ लोगों की राय बदल सकती है, जबकि कुछ लोग उनकी बातों से असहमत भी हो सकते हैं।

‘पब्लिक लाइफ में हैं तो तमाशा होना तय है’

सोनिया गांधी ने अपनी किताब को लेकर कहा कि जब कोई व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में होता है और अपनी कहानी लिखता है, तो उस पर चर्चा और प्रतिक्रियाएं होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इस किताब में वह अपने अनुभवों को अपने तरीके से सामने रखेंगी।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनकी किताब के जरिए उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।

कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्तरां में शुरू हुई थी प्रेम कहानी

इससे पहले 24 अक्टूबर को सोनिया गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट साझा कर अपनी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि दोनों की मुलाकात और प्रेम कहानी की शुरुआत कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में हुई थी।

सोनिया गांधी ने लिखा था कि उन्होंने और राजीव गांधी ने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई थी। उन्होंने कहा था कि 10 नवंबर को वह अपनी जिंदगी के उस हिस्से को पाठकों के साथ साझा करेंगी।

अब सोनिया गांधी की किताब के प्रकाशित होने के साथ उनके निजी जीवन, राजीव गांधी के साथ रिश्ते और सार्वजनिक जीवन के अनुभवों से जुड़े विवरण सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *