जिले के 27 प्रखंड में 81 सेवानिवृत्त शिक्षक बनाये जायेगे साधनसेवी
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश पर जिले में प्रखंड साधनसेवी (बीआरपी) के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों के चयन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उक्त आदेश के आलोक में बीआरसी व सीआरसी में प्रखंड साधनसेवी के तीन पदों के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों से आवेदन की मांग की गयी है।
इसके लिए जिले के 27 प्रखंडों के लिए 81 बीआरपी का चयन किया जाएगा। आवेदन की तिथि 22 जुलाई तक निर्धारित की गयी है। इच्छुक अभ्यर्थी इसके लिए आनलाइन या निबंधित डाक से इच्छित प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन दे सकते है।चयन के उपरांत बीआरपी बनने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को 20 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। जो प्रखंड संसाधन केन्द्र के प्राथमिक से लेकर माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अनुश्रवण के साथ ही शिक्षकों को प्रशिक्षित भी करेगे।
प्रखंड में दिये गये आवेदन का बीईओ संकलित कर डीईओ की अध्यक्षता में गठित जिला चयन समिति की बैठक 24-31 जुलाई को प्रस्तुत करेगे। बताया गया है,कि इस पद पर चयन के लिए बने पैनल में प्रथम स्थान पर वैसे सेवानिवृत शिक्षक रखे जाएंगे, जिनकी सेवानिवृत्ति की तिथि सबसे अंत में हो अर्थात 65 वर्ष की आयु सबसे बाद में पूरी करते हो।साथ ही चयनित 3 साधन सेवी में से कम से कम एक प्रारंभिक विद्यालय व एक माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय को मिलाकर प्रखंडवार पैनल बनाया जाएगा।
डीईओ संजय कुमार ने बताया कि राज्य शिक्षा परियोजना के निदेशक बी कार्तिकेय धनजी ने जिलास्तरीय चयन समिति का गठन सात बिंदुओं पर करने के निर्देश दिए हैं।जिसके तहत प्रखंडों में रिक्त पड़े साधन सेवी के पद पर नियमित शिक्षकों की बजाए सेवानिवृत शिक्षकों को बहाल करने का निर्देश दिया गया है।इससे स्कूलों का सही तरीके से निगरानी हो सकेगा। साथ ही शिक्षण कार्य भी बाधित नहीं होगा। उल्लेखनीय है,कि जिलास्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष डीईओ बनाये गये है।टीचर्स ट्रेनिंग स्कूल के प्राचार्य, संबंधित प्रखंड के बीईओ सदस्य व डीपीओ प्रारंभिक शिक्षा व सर्व शिक्षा अभियान इसके सचिव होगे।




