द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम जीवित भारतीय मूल के सिख सैनिक को ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने किया सम्मानित

 द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम जीवित सिख सैनिक राजिंदर सिंह धत्त को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने ‘पॉइंट्स ऑफ लाइट’ पुरस्कार से सम्मानित किया। भारतीय मूल के 101 वर्षीय राजिंदर सिंह धत्त को ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 10, डाउनिंग स्ट्रीट में आयोजित यूके-इंडिया सप्ताह के दौरान सम्मानित किया गया।

ब्रिटेन में ‘अनडिवाइडेड इंडियन एक्स सर्विसमेन एसोसिएशन’ के प्रयासों से राजिंदर सिंह धत्त के योगदान को पहचान मिली है। यह एसोसिएशन भारतीय ब्रिटिश पूर्व सैनिकों को एक साथ लाने और उनके कल्याण के लिए काम करती है। राजिंदर सिंह धत्त का जन्म अविभाजित भारत में वर्ष 1921 में हुआ था। धत्त ब्रिटेन की तरफ से द्वितीय विश्व युद्ध में लड़े और बाद में वर्ष 1963 में परिवार समेत ब्रिटेन में बस गए।

पॉइंट्स ऑफ लाइट सम्मान से सम्मानित होने पर राजिंदर सिंह धत्त ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों अवार्ड मिलना सम्मान की बात है। धत्त ने अनडिवाइडेड इंडियन एक्स सर्विसमेन एसोसिएशन को भी धन्यवाद दिया। ‘पॉइंट्स ऑफ लाइट अवार्ड’ उन लोगों को दिया जाता है, जो अपने कामों से समाज में बदलाव लाते हैं और जिनकी कहानी दूसरे लोगों को प्रेरित करती है। दस डाउनिंग स्ट्रीट में इन दिनों यूके-इंडिया सप्ताह मनाया जा रहा है। इंडिया ग्लोबल फोरम द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए इसका आयोजन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *