• March 17, 2026

PM आवास योजना 2.0: लखनऊ में CM योगी ने 92 हजार लाभार्थियों को 900 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 92,098 लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में कुल 900 करोड़ रुपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजे। इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने में आर्थिक मदद प्रदान करना है।

गरीबों के साथ विशेष वर्गों को भी लाभ

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में हर गरीब का अपना घर होना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि माफिया से मुक्त कराई गई सरकारी जमीनों पर हाईराइज इमारतें बनाई जाएंगी।

इन आवासों में गरीबों के अलावा वकीलों, डॉक्टरों, शिक्षकों और पत्रकारों को भी सस्ती दरों पर घर उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने विशेष रूप से पत्रकारों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके लिए हर जिले में आवास की सुविधा विकसित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें स्थायी ठिकाना मिल सके।

माफिया की जमीनों का होगा उपयोग

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रखा था, लेकिन अब उन जमीनों को मुक्त कराकर जनकल्याण के कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर माफियाओं की निजी संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी और गरीबों के हित में उपयोग की जाएंगी।

महिला लाभार्थियों से संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महिला लाभार्थियों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बनता जा रहा है और सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं समेत हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। यह पहल राज्य में आवासीय सुविधाओं को मजबूत करने और कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *