संसद बजट सत्र 2026: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा आज से शुरू, लोकसभा में सर्बानंद सोनोवाल करेंगे शुरुआत, 18 घंटे आवंटित
नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र जोर-शोर से जारी है। 28 जनवरी 2026 से शुरू हुए इस सत्र में रविवार (1 फरवरी) को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। बजट पेश होने के बाद अब संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव (Motion of Thanks) पर चर्चा शुरू हो गई है।
सोमवार (2 फरवरी 2026) से लोकसभा में इस चर्चा की शुरुआत हो रही है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या इसका समर्थन करेंगे। लोकसभा में इस बहस के लिए कुल 18 घंटे का समय आवंटित किया गया है, जो 2, 3 और 4 फरवरी तक चलेगी। विपक्ष की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले वक्ताओं में शामिल हो सकते हैं।राज्यसभा में भी आज दोपहर से चर्चा शुरू होगी, जहां भाजपा सांसद सी. सदानंदन मास्टर प्रस्ताव पेश करेंगे। राज्यसभा में इस चर्चा के लिए 16 घंटे निर्धारित हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभवतः 4 फरवरी (बुधवार) को लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट से जुड़े सामान्य चर्चा पर 11 फरवरी को अपना जवाब दे सकती हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 28 जनवरी को संयुक्त सत्र में अपना अभिभाषण दिया था, जिसमें सरकार की नीतियां, उपलब्धियां और भविष्य की योजनाओं का जिक्र किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा संसद में सरकार की प्राथमिकताओं और नीतियों पर विस्तृत बहस का प्रमुख अवसर प्रदान करती है, जिसमें सत्ताधारी और विपक्षी दल दोनों भाग लेते हैं।बजट सत्र दो चरणों में चलेगा और कुल 30 बैठकों के साथ 2 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा।