• January 1, 2026

अब ऋषिकेश क्षेत्र की मुनि की रेती पालिका परिषद होगी उच्चीकृत, वित्त मंत्री ने दिया अनुमोदन

 अब ऋषिकेश क्षेत्र की मुनि की रेती पालिका परिषद होगी उच्चीकृत, वित्त मंत्री ने दिया अनुमोदन

अब टिहरी गढ़वाल जिला स्थित ऋषिकेश क्षेत्र की नगर पालिका परिषद मुनि की रेती उच्चीकृत होकर ग्रेड-02 से ग्रेड-01 श्रेणी में शामिल होने जा रही है। वित्त और शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस प्रस्ताव पर अपना अनुमोदन कर दिया है। ग्रेड-01 में शामिल होने के बाद मुनि की रेती पालिका को अधिक अनुदान तो मिलेगा ही। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार पदों में भी वृद्धि होगी।

वित्त व शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि ऋषिकेश क्षेत्र की नगर पालिका परिषद मुनि की रेती के उच्चीकृत होने का प्रस्ताव उनके समक्ष आया था। उन्होंने बताया कि उच्चीकृत होने के सभी मानकों (स्वयं के स्त्रोत से पालिका की आय एक करोड़ रुपये से अधिक हो, स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार सुधार और कर एकत्रीकरण की परफारमेंस बेहतर हो) को नगर पालिका मुनि की रेती ने पूर्ण किया है। इसके आधार पर वित्त ने अपना अनुमोदन दिया है। मुनि की रेती पालिका ग्रेड-01 में शामिल होने वाली यह सातवीं नगर पालिका होगी।

मंत्री ने बताया कि ग्रेड-01 में उच्चीकृत होने के बाद मुनि की रेती पालिका में पदों का विस्तार होगा। 12 जून 2016 के शासनादेश के आधार पर पालिका में मुख्यतः सहायक अभियन्ता, कर एवं राजस्व अधीक्षक, मुख्य सफाई निरीक्षक, लेखाकार सहित अन्य पदों में वृद्धि होगी। इससे निकाय अपने क्षेत्रान्तर्गत किये जा रहे कार्यों का और अधिक रूप से निरीक्षण कर सकती है और करों के निर्धारण में अधिक वृद्धि कर सकती है। ग्रेड-01 में उच्चीकृत होने के बाद मुनि की रेती पालिका को राज्य वित्त आयोग की आगामी संस्तुतियों में ग्रेड-01 का लाभ प्राप्त करते हुए अधिक अनुदान प्राप्त होगा।

एक नजर मुनि की रेती नगर पालिका पर –

वर्ष 1997 तक इस क्षेत्र की टाउन एरिया में गिनती होती थी। वर्ष 1998 में इसे नगर पंचायत मुनि की रेती का स्वरूप दिया गया। नगर पंचायत के बेहतर प्रदर्शन के आधार पर वर्ष 2014 में इसे ग्रेड-02 की नगर पालिका परिषद में उच्चीकृत किया गया। मगर, अब ग्रेड-02 से ग्रेड-01 में उच्चीकृत होने के सभी मानकों पर खरा उतरने तथा वित्त मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल के अनुमोदन के बाद इसे ग्रेड-01 की नगर पालिका परिषद के रूप उच्चीकृत किया जायेगा।

लगातार चार बार स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम –

नगर पालिका परिषद मुनि की रेती वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2021-22 तक लगातार चार बार स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान पर काबिज है। इससे पूर्व भी पालिका वर्ष 2015-16 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पुरस्कार भी हासिल कर चुकी है। यहीं नहीं, ऑल इंडिया रैंकिंग में भी पालिका वर्ष 2021-22 में देश में पांचवें स्थान पर काबिज है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *