भोपाल में 200 वाहनों की रैली पर कार्रवाई, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष सौभाग्य सिंह के अधिकार निलंबित

भोपाल: मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह को पदभार ग्रहण के दौरान निकाली गई भव्य वाहन रैली भारी पड़ गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने मामले का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है और तब तक के लिए उनके सभी प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।

200 वाहनों के काफिले में निकाली रैली

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सौभाग्य सिंह ने उज्जैन से भोपाल तक करीब 200 वाहनों के काफिले के साथ वाहन रैली निकालकर पदभार ग्रहण किया था। इस रैली के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं, जिसके बाद मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा।

CMO ने जताई आपत्ति

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पदभार ग्रहण के समय इतनी बड़ी वाहन रैली का आयोजन “संयमपूर्ण प्रशासनिक आचरण” के निर्देशों का गंभीर उल्लंघन प्रतीत होता है। आदेश में यह भी कहा गया कि इस तरह की गतिविधि सार्वजनिक संसाधनों के अनावश्यक व्यय और जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवहार की अनदेखी को दर्शाती है।

लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया

CMO ने सौभाग्य सिंह से पूरे मामले पर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अंतिम निर्णय आने तक उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।

सभी अधिकार तत्काल प्रभाव से निलंबित

आदेश के अनुसार, सौभाग्य सिंह को अब मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के कार्यालय या परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा उन्हें निगम की किसी भी सुविधा, वाहन या कर्मचारी का उपयोग करने से भी रोक दिया गया है।

उन्हें किसी भी प्रकार के प्रशासनिक या वित्तीय निर्णय लेने, दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने और कर्मचारियों को निर्देश देने के अधिकार से भी वंचित कर दिया गया है। साथ ही वे निगम की किसी भी बैठक में भाग नहीं ले सकेंगे।

मामले की जांच जारी

सरकार ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के संकेत दिए हैं। अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट और उनके स्पष्टीकरण के आधार पर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *