• June 5, 2026

भारत में मॉनसून की एंट्री: केरल समेत कई राज्यों में पहुंचा मानसून, जानें आपके राज्य में कब होगी दस्तक

नई दिल्ली

भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार भारत में प्रवेश कर लिया है। हालांकि इस वर्ष मॉनसून सामान्य समय से करीब तीन दिन की देरी से देश पहुंचा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 जून को मॉनसून ने केरल में दस्तक दी और अब यह केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक तथा गोवा के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ेगा और देश के अन्य राज्यों को भी कवर करेगा। वहीं, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मॉनसून की वर्तमान स्थिति

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ भागों, पूरे लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल, माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों में भी मॉनसून सक्रिय हो गया है।

आपके राज्य में कब पहुंचेगा मॉनसून?

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार:

  • गोवा और तेलंगाना: 7-8 जून तक
  • महाराष्ट्र: 5 से 10 जून तक
  • गुजरात: 20 जून तक
  • मध्य प्रदेश: 15 से 20 जून तक
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार: 15 से 20 जून तक
  • मध्य उत्तर प्रदेश: 20 से 25 जून तक
  • राजस्थान: 25 से 30 जून तक
  • दिल्ली-एनसीआर: 30 जून के आसपास

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने केरल और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों तथा दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

क्या बोले मौसम वैज्ञानिक?

भारत मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि मॉनसून ने केरल में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। वर्तमान में यह पूरे केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिणी कर्नाटक के कई जिलों को कवर कर चुका है।

उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मॉनसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के शेष हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने एक बार फिर येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

6 जून को भी राजधानी में बारिश के आसार बने हुए हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 7 जून से मौसम में सुधार होने की संभावना है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *