• March 13, 2026

भाजपा और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों का प्रदेश में जीत का दावा

 भाजपा और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों का प्रदेश में जीत का दावा

लोकसभा चुनाव में सभी दलों का ‘गुणा-गणित’ तेज हो गया है। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान है। राज्य में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबला है। दोनों राष्ट्रीय दलों की ओर से जीत का दावा किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का कहना है कि इस बार उत्तराखंड में बदलाव देखने को मिलेगा तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत की हैट्रिक लगाने के साथ मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का दम भर रही है।

भाजपा देश में अबकी बार 400 पार के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। उत्तराखंड में भाजपा फिर से पांचों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने की बात कह रही है। पिछले दो लोकसभा चुनावों से भाजपा राज्य की सभी सीटों पर जीत दर्ज करती आ रही है। इस बार भी भाजपा ने चुनाव प्रचार अभियान को धार देने के साथ कांग्रेस से बढ़त बनाई हुई है। राज्य में प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी शंखनाद के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित तमाम बड़े स्टार प्रचारकों की चुनावी सभाएं आयोजित कर भाजपा ने प्रचार को गति देने का काम किया। इसके बाद अमित शाह सहित और अन्य बड़े नेताओं का आगामी दिनों में कार्यक्रम लगाए गए हैं।

कांग्रेस की बात करें तो अभी तक केवल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की दो सभाएं ही हुई हैं। इसके अलावा राहुल गांधी और सोनिया गांधी के अभी तक कार्यक्रम नहीं लगे हैं। कांग्रेस की आपसी गुटबाजी भी सतह पर देखने को मिल रही है। आलम यह है कि राज्य में कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। इस लिहाज से कांग्रेस के लिए चुनौती बड़ी है। 2024 का यह लोकसभा चुनाव कांग्रेस के भविष्य को भी तय करने वाला भी साबित होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि पार्टी प्रधानमंत्री मोदी और धामी सरकार के विकास कार्यों को लेकर चुनाव मैदान में है। जनता इस बार भी भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी। पार्टी ने राज्य के सभी सीटों पर पांच लाख के बड़े अंतर से जीत का लक्ष्य रखा है। संगठन की ओर से बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय होकर डबल इंजन के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं और भाजपा के प्रति आमजन में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस को इस बार भी जनता स्वीकार करने वाली नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस यशपाल आर्य का कहना है कि इस बार उत्तराखंड राज्य सहित देश में बदलाव की बयार बह रही है। राज्य में पांचों सीटों पर कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग विकास की बात करते घूमते फिर रहे हैं। उनका विकास कहीं दिखाई नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विषय बहुत हैं। प्रमुख रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निपथ योजना, महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, सांसद निधि खर्च नहीं हो पायी है। सांसदों ने जिन गांवों को गोद लिया था, उस को कोई पूछने वाला नहीं है। ऐसे में विकास समझ से परे है। जनता अब भाजपा के बहकावे में नहीं आने वाली है।

टिहरी लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि जनता इस बार बदलाव चाह रही है। पिछले दो कार्यकाल में भाजपा सांसद केवल चुनाव के दौरान दिखते ही हैं। ऐसे में लोगों में आक्रोश बना हुआ है और कांग्रेस के प्रति जनता विश्वास भरी नजरों से देख रही है। टिहरी लोकसभा में महारानी के कार्यकाल को प्रजा ने देख लिया है। निश्चित ही इस बार कांग्रेस राज्य में बदलाव करने में सफल होगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *