• March 8, 2026

फतेहाबाद में दर्जनों किसानों को नहीं मिला बीमा क्लेम

 फतेहाबाद में दर्जनों किसानों को नहीं मिला बीमा क्लेम

वर्ष 2022 की खराब हुई खरीफ फसल का मुआवजा बीमा कम्पनी द्वारा अब तक न दिए जाने के कारण किसानों में काफी रोष है। इस मामले में भट्टू क्षेत्र के अनेक गांवों के किसान मंगलवार को जिला उपायुक्त से मिलने फतेहाबाद पहुंचे और डीसी मनदीप कौर को ज्ञापन सौंपकर बीमा क्लेम तुरंत दिलवाए जाने की मांग की है।

डीसी को सौंपे ज्ञापन के साथ करीब 10 दर्जन ऐसे किसानों की सूची सौंपी गई है, जिन्हें अब तक बीमा क्लेम नहीं मिला है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किसान सभा के जिला प्रधान कामरेड विष्णुदत्त ने किया। डीसी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसानों को अब दोबारा मुआवजा के लिए उन्हें यहां नहीं आना पड़ेगा, जल्द ही सभी किसानों को बीमा क्लेम का भुगतान करवाया जाएगा।

डीसी से मिलने आए किसान विष्णुदत्त शर्मा, इन्द्र सिंह भांभू रामसरा, हनुमान सिंह, सुभाष, रिछपाल सिंह, राममूर्ति, राजेन्द्र, बलबीर सिंह, धर्मपाल, साधुराम, रामस्वरूप, मेवा सिंह, नरेन्द्र, चिरंजी लाल, महेन्द्र सिंह, रामनरेश, मनदीप, कृष्ण, बनवारी, आदि ने कहा कि वे जांडवाला को-आपरेटिव सोसायटी के सदस्य हैं। उन्होंने वर्ष 2022 खरीफ फसल का बीमा करवाया था। गांव रामसरा, ढाबी कलां, ढाबी खुर्द, जांडवाला के किसानों का बीमा क्लेम भी कम्पनी द्वारा काटा गया था। फसल खराब होने के बाद से यह किसान लगातार बीमा कम्पनी से मुआवजा की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर वह सरकार के मंत्रियों व अधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं, लेकिन करीब 150 किसानों को अभी तक फसल बीमा क्लेम का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे इन किसानों में काफी रोष है।

किसान नेता विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पहले प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की फसल नष्ट हो गई और बाद में उन्हें मुआवजा लेने के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। किसानों ने डीसी को ज्ञापन सौंपकर उनका बकाया करीब एक करोड़ का बीमा क्लेम का तुरंत भुगतान करवाने की मांग की। डीसी द्वारा प्रतिनिधिमंडल को दिए गए आश्वासन से किसान संतुष्ट नजर आए।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *