• January 1, 2026

कड़ी सुरक्षा में नल्हड़ शिव मंदिर में 51 लोगों ने किया जलाभिषेक

 कड़ी सुरक्षा में नल्हड़ शिव मंदिर में 51 लोगों ने किया जलाभिषेक

गुरुग्राम समेत अन्य जगहों से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व जातीय हिंदू महापंचायत के आह्वान पर लोगों ने नल्हड़ मंदिर में जलाभिषेक किया। सोमवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच नल्हड़ मंदिर में 51 लोगों से जलाभिषेक कराया। इसके अलावा स्थानीय लोगों पर जलाभिषेक के लिए कोई प्रतिबंध नहीं था।

सावन के आखिरी सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सोमवार को नूंह में ब्रजमंडल यात्रा का आह्वान किया था। नल्हड़ शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए गुरुग्राम से तमाम साधु संत और अन्य लोग नूंह के शिव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंच गए। स्थानीय पुलिस ने बाहरी लोगों के नूंह में प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी थी। इसके लिए सोहना से पहले घामड़ौज टोल पर ही पुलिस ने लोगों को रोकना शुरू कर दिया। संत जगद्गुरु परमहंस आचार्य महाराज भी जलाभिषेक के लिए पहुंचे। वह भी नल्हड़ जाने की जिद पर अड़़ गए। पुलिस ने जब उन्हें आगे नहीं बढऩे दिया तो घामड़ोज टोल पर ही आचार्य महाराज धरना देकर बैठ गए। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने सिर्फ 51 लोगों को ही जलाभिषेक करने की अनुमति दी गई। पुलिस सुरक्षा में पटौदी आश्रम हरि मंदिर के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव और विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार राय की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पुलिस इन्हें सुरक्षा के बीच तीन गाडिय़ों में लेकर मंदिर पहुंचाया और जलाभिषेक, पूजा-अर्चना के बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में सभी को सुरक्षित नूंह की सीमा से बाहर तक पहुंचाया।

उल्लेखनीय है कि नल्हड़ में जलाभिषेक करने की हिन्दू संगठनों की घोषणा के बाद से ही पुलिस और प्रशासन सतर्क थी। स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस मामले में अधिकारियों से लगातार हालात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैठकें करते रहे। स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए सोमवार को स्कूल, कालेज और बैंक आदि भी बंद कर इलाके में धारा 144 लागू कर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद दी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *