• December 30, 2025

हिमाचल में दोपहर एक बजे तक 48.63 प्रतिशत मतदान

 हिमाचल में दोपहर एक बजे तक 48.63 प्रतिशत मतदान

 लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में शनिवार को हिमाचल की चार सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ ही विधानसभा की छह सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। इस चुनावी दंगल में कुल 62 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। लोकसभा की चार सीटों पर दोपहर एक बजे तक 48.63 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 50.44 प्रतिशत मतदान हुआ।

प्रदेश के सभी चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। पूरे राज्य में मतदान एक ही चरण में हो रहा है। सुबह के समय मतदान की गति धीमी थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही मतदान की रफ्तार बढ़ गई।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। उन्होंने कहा कि दोपहर एक बजे तक राज्य में 48.63 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

मंडी संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 50.44 प्रतिशत, शिमला संसदीय क्षेत्र में 49.53 प्रतिशत, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 47.70 और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में 47.08 प्रतिशत दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि विधानसभा उपचुनाव में जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में 55.35 प्रतिशत, कुटलैहड़ में 49 प्रतिशत, गगरेट में 44.63 प्रतिशत, सुजानपुर में 42.03 प्रतिशत, धर्मशाला में 41.14 प्रतिशत और बड़सर में 35 फीसदी मतदान रिकार्ड हुआ है।

लोकसभा की चारों सीटों पर शनिवार को मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शुरुआती दो घण्टों में महज 14 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद मतदान रफ्तार पकड़ने लगा और पूर्वान्ह 11 बजे तक 32 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव आयोग का लक्ष्य लोकसभा चुनाव में 76 फीसदी से अधिक मतदान करने का है। राज्य में 2019 के लोकसभा चुनाव में 72.42 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल में रिकार्ड मतदान 75.87 फीसदी मतदान हुआ था।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के नादौन में मतदान किया, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिलासपुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर के समीरपुर में अपना वोट डाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने नाहन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे व मंडी से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिला के रामपुर में अपना वोट डाला।

प्रदेश में जगह-जगह मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोगों ख़ासकर बुजुर्गों और पहली बार के मतदाताओं में वोट डालने को लेकर काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। 80 वर्ष से 95 वर्ष की आयु के कई बुजुर्ग मतदाता मतदान करने मतदान केंद्रों में पहुंचे।

चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में तीखी धूप के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। इसके लिए कुल 7792 मतदान केंद्र बनाए गयर हैं। इनमें 369 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं और इनमें सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। चारों लोकसभा सीटों पर 37 और छह विधानसभा सीटों पर 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में कुल 57.11 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 28.48 पुरुष और 27.97 लाख महिला मतदाता हैं। चुनाव परिणाम 04 जून को घोषित होंगे। सभी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुख्य मुकाबला है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *