ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हरियाणा के सफाई कर्मी रोहतक में करेंगे आक्रोश रैली

हरियाणा के सफाई कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पालिका कर्मचारी संघ ने 15 अक्टूबर को रोहतक में राज्यस्तरीय आक्रोश रैली करने का ऐलान किया है।

संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सीवर एवं सफाई कर्मचारियों को नियमित भर्ती के माध्यम से नई नियमित नियुक्ति देने, डीमिनेशन कॉडर में शामिल पदों को बहाल करने, पालिका कर्मचारियों को ठेकेदारी से मुक्त करने एवं अग्निशमन विभाग को स्थानीय निकाय में शामिल करने तथा अनुबंधित अग्निश्याम को व ड्राइवर को सृजित पदों पर समायोजित करने, समान काम समान वेतन देने, हरियाणा कौशल रोजगार भंग करने आदि मांगों पर हुए फैसलों को लागू करने में सरकार विफल रही है।

शास्त्री ने कहा कि 4298 सफाई कर्मचारियों व 68 सीवरमैन की भर्ती का पत्र सरकार ने 8 जनवरी को जारी किया था। आज तक इस पत्र पर कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने बताया कि सरकार की वायदा खिलाफी के खिलाफ तथा ठेकेदारी प्रथा में लगे फायर कर्मियों, ग्रुप सी व डी तथा सफाई व सीवर मैनों के आर्थिक, शारीरिक शोषण व बीमारियों से हो रही सीवर सफाई कर्मचारियों की मौतों पर रोक लगाने तथा अन्य मांगों को लेकर 15 अक्टूबर को रोहतक में राज्य स्तरीय आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे पहले संघ सभी पालिकाओं, परिषदों, निगमों के कार्यालय पर 19 और 20 सितंबर को काले बिल्ले लगाकर झाड़ू प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद 25 सितंबर से 29 सितंबर तक भूख हड़ताल करने का भी निर्णय लिया है।नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव मांगेराम तिगरा ने कहा कि सरकार के विरोध प्रदेश में अलग-अलग स्थानों से जत्थे निकाले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *