अभिनेता राजपाल यादव और बेबी रानी मौर्य शिव अनुष्ठान में हुईं शामिल
तीर्थ नगरी में स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शिव अनुष्ठान में रविवार को बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और यूपी सरकार में मंत्री बेबी रानी मौर्य भी शामिल हुईं। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के सानिध्य में रुद्राभिषेक कर देश की खुशहाली की कामना की। अनुष्ठान प्रारंभ करने से पूर्व स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने राजपाल यादव और बेबी रानी मौर्य को माता की चुनरी और नारियल भेंटकर स्वागत किया और आशीर्वाद दिया।
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज भगवान शिव के परम भक्त हैं। वे जब भी उत्तराखंड आते हैं तो मां श्री दक्षिण काली के दर्शन कर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद अवश्य लेते हैं। उत्तराखंड में फिल्मों की शूटिंग के संबंध में पत्रकारों के पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उत्तराखंड में शूटिंग के लिए अनेक शानदार लोकेशन हैं। फिल्म निर्माताओं को इसका लाभ उठना चाहिए। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से उत्तराखंड में शूटिंग करने और आम लोगों से उत्तराखंड की हसीन वादियों में पर्यटन का लुत्फ उठाने की अपील भी की। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर जिस स्थान पर चंद्रयान तीन की लैंडिंग हुई है, उसे शिव शक्ति प्वांइट नाम दिए जाने पर उन्होंने कहा कि इससे अच्छा कोई नाम नहीं हो सकता है।
यूपी की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि लोक कल्याण के लिए कठिन अनुष्ठान कर रहे स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज की साधना के फलस्वरूप देश विकास के नए सोपान तय करेगा।
स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी महाराज ने बताया कि अनुष्ठान का समापन 30 अगस्त श्रावण पूर्णिमा को होगा, जिसमें अनेक संतों व गणयमान्य लोग शामिल होंगे।