ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मिजोरम पुल हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों से मिलने ट्रेन से मालदा गए राज्यपाल

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस शुक्रवार सुबह मालदा के लिए रवाना हुए जहां वे मिजोरम में रेल पुल हादसे में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

राज्यपाल का आज सुबह वंदेभारत एक्सप्रेस से मालदा जाने का कार्यक्रम था लेकिन ट्रेन में आई तकनीकी खराबी के चलते इसे रद्द कर दिया गया। जिसके बाद राज्यपाल युवा एक्सप्रेस से मालदा के लिए रवाना हुए। राजभवन सूत्रों ने बताया कि मालदा पहुंच कर राज्यपाल श्रमिकों के घरों का दौरा करेंगे।

युवा एक्सप्रेस की दूसरी श्रेणी में यात्रा कर रहे राज्यपाल ने चलती ट्रेन में टेलीफोन कॉल लीं, जनता की शिकायतों को संबोधित किया और निर्देश जारी किए। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति और छात्रों से वहां मौजूदा हालात के संबंध में फोन पर बात की।

गौरतलब है कि बुधवार को आइजोल के पास बैराबी-सैरांग नई लाइन परियोजना में निर्माणाधीन रेलवे पुल ढह गया, जिससे 22 श्रमिकों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। लापता चार मजदूरों के शव गुरुवार को मिले। एक मजदूर अभी भी लापता है। पुलिस के मुताबिक सभी पीड़ित पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार को सहायता का आश्वासन देते हुए मांग की है कि रेलवे मृतकों के परिजनों को नौकरी दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *