• March 8, 2026

हिंसा की लपटों में फ्रांस

 हिंसा की लपटों में फ्रांस

फ्रांस इस समय दुनिया की सुर्खियों में है। देशभर में लोग हिंसक और उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। मैंक्रो सरकार हाशिये है। प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। निश्चित रूप से सारे घटनाक्रम की वजह फ्रांस की पुलिस और वहां का असहिष्णु कानून है। ट्रैफिक नियमों का कथित रूप से अनुपालन न करने पर एक किशोर को जांच की आड़ में गोली मार दी गई। कारचालक 17 वर्षीय किशोर नाहेल एम पर आरोप था कि उसने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर रिवाल्वर तान दिया था। निश्चित रूप से इसकी जितनी आलोचना की जाए वह कम है। दुनिया भर में मानवीय और उसके अधिकार सर्वोपरि होने चाहिए।

मीडिया की खबरों और उसके विश्लेषण से पता चलता है कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए निर्दोष युवक पर इस तरह का आरोप मढ़ रही है। नाहेल ने अगर ट्रैफिक नियम को तोड़ा था तो उसे दूसरे तरीके से भी सजा दी जा सकती थी। यह जुर्म इतना बड़ा नहीं था कि उसे गोली मार दी जाए। निश्चित रूप से पुलिस ने फ्रांस के लचीले कानून का दुरुपयोग किया है। गोली मारने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी कई लोग शिकार हुए हैं। मीडिया मे यह तथ्य भी सामने आए हैं कि पुलिस नस्लीय मानसिकता में भी बेगुनाहों को निशाना बनाती है।

फ्रांस एक संप्रभु और लोकतांत्रिक देश है। उसे ऐसे विवादित और कठोर कानून से बचना चाहिए, क्योंकि कानूनी आड़ में इसका दुरुपयोग किया जाता है। सरकार ट्रैफिक नियमों को इतना कठोर बनाकर लोकतांत्रिक अधिकारों का दुरुपयोग कर रही है। अगर पुलिस के आरोप को ही सच मान लिया जाए कि किशोर नाहेल ने ट्रैफिक नियमों का दुरुपयोग किया तो पुलिस उसे सबक सिखाने के लिए दूसरे संवैधानिक अधिकार का भी प्रयोग कर सकती थी। किसी की हत्या इसका समाधान नहीं है। देश के ट्रैफिक नियमों के मुताबिक उसकी गिरफ्तारी हो सकती थी। किशोर अधिनियम के तहत उसे जेल भी भेजा जा सकता था। उसे समझाने की कोशिश भी पुलिस कर सकती थी। वाहन चलाने पर प्रतिबंधित किया जा सकता था। लेकिन सिर्फ क्या जान लेना ही किसी कानून का संरक्षण है।

भारत जैसे देश में अगर ऐसे कानून बना दिए जाएं तो यहां पांच मिनट भी नहीं टिक सकते हैं, क्योंकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। लोकतंत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे की जाती है, यह भारत से बेहतर कोई नहीं जानता। यहां हर नागरिक को संवैधानिक अधिकारों के इतर जाकर उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का संरक्षण किया जाता है। सुसंगत कानून होने के बावजूद भी लोगों को दंड नहीं दिए जाते। यहां की पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को गांधीगीरी के जरिए गुलाब का फूल भेंट करती है, क्योंकि सिर्फ कानून से देश को नहीं चलाया जा सकता है। भारत में बाल एवं किशोर हितों का पूरा ख्याल किया जाता है।

पुलिस के खिलाफ पेरिस के बाहरी हिस्सों में हिंसा भड़क गई है। सरकार स्थिति पर नियंत्रित नहीं कर पा रही है। सरकार और पुलिस में शीतयुद्ध की स्थित है। लोग सड़क पर उतर कर उग्र और हिंसक प्रदर्शन कर रहे हैं। वाहनों को आग के हवाले किया जा रहा है। किशोर की हत्या को लेकर लोगों में बेहद आक्रोश है। मानवाधिकार संगठन इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं। हालात को नियंत्रित करना सरकार के लिए मुश्किल हो रहा है। देश के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

नाहेल की हत्या करने वाले आरोपित पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना को फ्रांस के राष्ट्रपति मैंक्रो ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुलिस की तीखी आलोचना की है। वैसे उनके बयान को लेकर पुलिस संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और कहा है कि इससे पुलिस का मनोबल गिरेगा। लेकिन देश में बढ़ती हिंसा को रोकने की पहली प्राथमिकता सरकार की है। आक्रोशित लोग प्रदर्शन के दौरान सरकारी इमारतों, पुलिस स्टेशन, स्कूलों और दूसरे संस्थानों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस पर आरोप लग रहे हैं कि ट्रैफिक नियमों की जांच के दौरान जानबूझकर निर्दोष किशोर को गोली मारी गई। हालांकि यह जांच विषय है। फ्रांस का गृह मंत्रालय भी पुलिस की करतूत पर बेहद नाराज है। दोषी पुलिस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की घोषणा किया है।

किशोर की मां मानिया इस घटना से बेहद दुखी हैं। नाहेल उनका इकलौता संतान था। घटना के दिन मां से लाड प्यार कर वह निकला था, लेकिन एक घंटे बाद गोली का शिकार बन गया। इस घटना से उसकी मां सदमे में है। उसका आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर उसके बेटे की हत्या की।

फ्रांस सरकार ने 2017 में गोली मारने के कानून में ढील देने का फैसला किया था। अब इस तरह का लचीला कानून उसी लिए भारी पड़ रहा है। उस दौरान मानवाधिकार संगठनों ने सरकार से इस कानून को वापस लेने का दबाव बनाया था। फ्रांस के मीडिया के मुताबिक जब से इस कानून में संशोधन हुआ है इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब तक 13 लोग शिकार बने हैं। पुलिस पर यह भी आरोप लग रहा है कि गोलियां काले और अरब के मूल लोगों पर चलाई जाती हैं। इसकी वजह से निर्दोष किशोर की जान गई है। नाहेल का संबंध भी फ्रांसीसी-अल्जीरिया मूल से बताया गया है।

फ्रांस सरकार को इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ट्रैफिक नियमों में तत्काल सुधार किया जाना चाहिए। वाहनों की चेकिंग के लिए गोली चलाने पर प्रतिबंध लगना चाहिए। फ्रांस के आम नागरिक अधिकारों का खुली तरह संरक्षण होना चाहिए। दुनिया भर में लोकतांत्रिक देश में हर हाल में मानवीय अधिकारों का संरक्षण होना चाहिए और ऐसे निर्मम कानून पर रोक लगनी चाहिए। दोषी पुलिसकर्मी को निर्दोष किशोर की हत्या के लिए कठोर दंड दिया जाना चाहिए। हम सिर्फ कठोर कानून से लोकतांत्रिक व्यवस्था का संचालन नहीं कर सकते। लोगों के आम अधिकारों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता और दायित्व है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *