• October 21, 2025

असम के पांच जिलों में बाढ़ का असर, 1080.23 हेक्टेयर की फसल प्रभावित

 असम के पांच जिलों में बाढ़ का असर, 1080.23 हेक्टेयर की फसल प्रभावित

असम में बाढ़ से पांच जिलों के 122 गांव सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के चलते कई नदियों के तटबंध टूट गए और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है। अब बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राज्य के पांच जिलों के 2 हजार 415 से अधिक नागरिक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, राज्य में सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ प्रभावित पांच जिलों में बजाली, धेमाजी, गोलाघाट, जोरहाट और कामरूप (ग्रामीण) शामिल हैं। बाढ़ से 8 राजस्व सर्किल अंतर्गत 122 गांवों के 2 हजार 415 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 1080.23 हेक्टेयर फसल अभी भी प्रभावित है।

बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर स्थापित किये गये हैं जबकि आठ राहत वितरण केंद्र खोले गए है। राहत शिविरों में लोग आश्रय लिये हुए हैं। बाढ़ से राज्य के कुल 23 हजार 872 पशु धन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 19 हजार 278 और छोटे पशुओं की 4 हजार 374 है, जबकि 220 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कामरूप (ग्रामीण) जिले में एक मेडिकल टीम को चिकित्सा देखभाल के लिए तैनात किया गया है।

बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 00.10 क्विंटल चावल, 00.02 क्विंटल दाल, 00.01 क्विंटल नमक, सरसों का तेल 00.60 लीटर शामिल हैं। वहीं पशुओं के लिए 929.60 क्विंटल गेहूं का चोकर वितरित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *