• February 25, 2026

ईडी की टीम ने फतेहाबाद में कारोबारी के घर दी दबिश, जांच जारी

 ईडी की टीम ने फतेहाबाद में कारोबारी के घर दी दबिश, जांच जारी

फतेहाबाद, 9 जुलाई  ईडी की टीम ने आज फतेहाबाद शहर के शिव नगर स्थित एक मकान में दबिश दी। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे पंजाब से ईडी की टीम यहां रमेश अरोड़ा नामक व्यक्ति के घर पहुंची। टीम ने यहां पहुंचते ही घर के बाहर पुलिस का पहरा बिठा दिया। टीम के घर में दस्तक देने के बाद न किसी को घर से बाहर निकलने दिया और न ही किसी को घर के अंदर जाने दिया गया। व्यापारी के घर ईडी की छापेमारी को लेकर अभी कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। फिलहाल ईडी की छापेमारी को फर्जी फर्म से कारोबार को जोडक़र देखा जा रहा है। फतेहाबाद के अलावा ईडी की दूसरी टीम ने रमेश अरोड़ा की सिरसा अनाज मण्डी स्थित दुकान पर भी रेड का समाचार है। समाचार लिखे जाने तक ईडी की टीम जांच पड़ताल में जुटी थी।
मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के शिव नगर निवासी रमेश अरोड़ा की सिरसा अनाज मंडी में दुकान है। फतेहाबाद में घर पर दस्तक देने के साथ ईडी की टीम सिरसा अंनाज मंडी में स्थित कारोबारी की दुकान पर भी पहुंची। बताया जाता है कि फर्जी फर्म बनाकर कारोबार करने वालों में रमेश अरोड़ा का नाम भी आ चुका है। मंगलवार सुबह घर व दुकान पर एक साथ हुई ईडी की रेड को इसी से जोडक़र देखा जा रहा है। शिव नगर क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी रमेश अरोड़ा के घर सुबह जिस समय ईडी टीम पहुंची तो उस समय रमेश अरोड़ा अपनी पत्नी व बेटी के साथ घर पर मौजूद थे।
ईडी ने घर के बाहर पुलिस का पहरा बिठाकर किसी के भी अंदर आने व बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। सिरसा में कारोबार करने वाले व्यापारी के घर सुबह सुबह ईडी की रेड व्यापारियों के साथ शहर में भी चर्चा का विषय बनी रही। समाचार लिखे जाने तक कारोबारी के घर व दुकान पर ईडी की रेड जारी थी। ईडी को कारोबारी के घर व दुकान पर छापेमारी के दौरान क्या कुछ मिला इसे लेकर सभी में उत्सुकता बनी हुई है। मीडिया से लेकर आमजन व व्यापारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि ईडी को रमेश अरोड़ा के घर व दुकान पर कुछ मिला या नहीं। हालांकि अभी तक इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *